हरियाणा की गृहणी ने शुरू किया अपना बिज़नेस, हर महीने कमा रही हैं 8 लाख रुपये
क्या है खबर?
ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल ने कई उद्यमियों का भाग्य बदला है। आज हम आपको एक ऐसी ही महिला उद्यमी की कहानी बताने जा रहे हैं।
इस महिला का नाम रितु कौशिक है। 31 वर्षीय रितु आज अपने दम पर ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के शीर्ष विक्रेताओं में शामिल हैं।
रितु ने साल 2016 में फ्लिपकार्ट पर हैंडबैग बेचने शुरू किए थे और आज वे हर महीने लगभग Rs. 8 लाख कमा रही हैं।
YourStory ने उनकी यह कहानी पब्लिश की है।
पढ़ाई
शादी के बाद पूरी की पढ़ाई
हरियाणा के सोनीपत की रहने वालीं रितु की 16 साल की उम्र में शादी हो गई थी। उनके पति एक सरकारी कर्मचारी हैं।
शादी के कारण रितु की पढ़ाई बीच में छूट गई थी। शादी के बाद उनके पति ने उनका साथ दिया और रितु ने कॉलेज जाकर अपनी पढ़ाई पूरी की।
पढ़ाई के साथ-साथ वे अपने दो बच्चों की देखरेख भी करती रहीं। रितु ने अपनी ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद अपना बिज़नेस शुरू किया था।
बिज़नेस आईडिया
कैसे आया बिज़नेस आईडिया?
रितु ने 2016 में अपनी ग्रेजुएशन पूरी की।
इसके बाद लोगों को ऑनलाइन सामान मंगाते देख रितु को अपना बिज़नेस शुरू करने का आईडिया आया।
इसके बाद उन्होंने बिज़नेस शुरू करने के लिए अपने पति से कंप्यूटर चलाना सीखा। जब उनके बच्चे स्कूल जाते थे, तब रितु कंप्यूटर चलाने की प्रैक्टिस करती थीं।
इसके बाद उन्होंने फ्लिपकार्ट के साथ मिलकर हैंडबैग बेचने का अपना बिज़नेस शुरू किया।
सफर
आसान नहीं रहा सफर
हर सफल इंसान की कहानी इतनी आसान नहीं होती है। भला रितु की कहानी भी कैसे आसान रहती।
रितु ने बताया कि उनके रिश्तेदार और पड़ोसी उनके बिज़नेस शुरू करने के आईडिया के खिलाफ थे।
रितु ने कहा कि लोग कहते थे कि महिला होकर उन्हें पैसे कमाने की क्या जरूरत है। इन सबके बावजूद वे अपने इरादे पर मजबूती से टिकी रहीं।
उन्होंने बताया कि फ्लिपकार्ट ने उन्हें सहयोग किया और उन्होंने अपना बिज़नेस शुरू कर लिया।
बयान
अपनी बचत से शुरू किया बिज़नेस
रितु ने बताया कि फ्लिपकार्ट ने उन्हें मार्गदर्शन और सहयोग दिया। फ्लिपकार्ट ने उन्हें लोन देने की भी पेशकश की थी, जिसे रितु ने ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी बचत से यह बिज़नेस शुरू किया था।
लाभ
हर महीने Rs. 7-8 लाख कमा रहीं रितु
रितु ने बताया का उनका ब्रांड 'रितुपाल कलेक्शन' Rs. 200-1,500 की रेंज के हैंडबैग बेचता है।
बिज़नेस शुरू होने के पहले साल के अंत तक उन्होंने Rs. 1 लाख प्रति महीना कमाना शुरू कर दिया था, जो अब तीन साल बाद बढ़कर Rs. 7-8 लाख रुपये प्रति महीना हो गया है।
रितु ने बताया कि उनकी कमाई उनके लिए उपलब्धि है और वे अब इसे बढ़ाकर हर महीने Rs. 20 लाख कमाने की योजना बना रही है।
सपना
'मेरे नाम से हो मेरी पहचान'
रितु के ब्रांड ने दक्षिण भारत में अपनी अच्छी पहचान बना ली है, लेकिन रितु इससे संतुष्ट नहीं है।
वे पूर्वी और पश्चिमी भारत में भी अपने ब्रांड को मशहूर करना चाहती हैं।
रितु का सपना है कि पूरे भारत में लोग उन्हें हाउसवाइफ से व्यवसायी बनीं महिला के रूप में उनके नाम से जाने।
रितु ने कहा, "मेरा ख्वाब है कि दुनिया मुझे मेरे नाम से पहचाने।"