Page Loader
बिन्नी बंसल के इस्तीफे के बाद मिंत्रा के CEO और CFO का इस्तीफा

बिन्नी बंसल के इस्तीफे के बाद मिंत्रा के CEO और CFO का इस्तीफा

Nov 26, 2018
04:26 pm

क्या है खबर?

फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक बिन्नी बंसल के इस्तीफे के कुछ दिन बाद मिंत्रा के CEO और CFO ने भी कंपनी छोड़ दी है। मिंत्रा के CEO अनंथ नारायणन और CFO दिपांजन बासु ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि फ्लिपकार्ट ग्रुप के मौजूदा CEO कल्याण कृष्णमूर्ति के साथ नारायणन के रिश्ते अच्छे नहीं हैं। बंसल के इस्तीफे के बाद माना जा रहा था कि नारायणन भी इस्तीफा दे सकते हैं।

नारायणन

कंपनी से 2015 में जुड़े थे नारायणन

2015 में CEO के तौर पर मिंत्रा से जुड़ने से पहले नारायणन मैकेंजी एंड कंपनी में कार्यरत थे। मिंत्रा में उन्होंने कंपनी के को-फाउंडर मुकेश बंसल की जगह ली थी। उनके कार्यकाल में कंपनी का नुकसान 25 प्रतिशत कम हुआ। वहीं दिपांजन बासु ने दो साल पहले मिंत्रा में ज्वॉइन किया था। इससे पहले वो विप्रो में काम करते थे। बता दें, जबॉन्ग की CEO गुंजन सोनी और स्ट्रेटजी हेड अनन्या त्रिपाठी भी कुछ सप्ताह पहले इस्तीफा दे चुकी हैं।

छंटनी

मिंत्रा में हो सकती है छंटनी

मिंत्रा अब कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। माना जा रहा है कंपनी 100-500 कर्मचारियों को हटा सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि फ्लिपकार्ट अब जबॉन्ग और मिंत्रा में काम कर रहे काफी कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा देगी। कंपनी में हुए इस्तीफे के बारे में पूछे गए सवाल पर कृष्णमूर्ति ने कहा कि फ्लिपकार्ट ग्रुप मिंत्रा के विस्तार और सफलता के लिए पूरा ध्यान लगा रहा है। उन्होंने इस्तीफों की बात से इनकार नहीं किया।

इस्तीफे

पहले भी हुए हैं इस्तीफे

2014 में फ्लिपकार्ट ने मिंत्रा का अधिग्रहण कर लिया था। अब हुए इस्तीफों को बिन्नी बंसल के इस्तीफे का असर माना जा रहा है। बता दें इस साल की शुरुआत में अमेरिकी कंपनी वालमार्ट ने फ्लिपकार्ट के 77 प्रतिशत शेयर खरीद लिए थे। जानकारी के अनुसार कहा जा रहा है कि बिन्नी बंसल अपने खिलाफ लगे आरोपों को जिस प्रकार हैंडल कर रहे थे, उससे वालमार्ट खुश नहीं थी। इस वजह से उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।