Page Loader
भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 लाख पार, पिछले तीन दिन में एक लाख मामले

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 लाख पार, पिछले तीन दिन में एक लाख मामले

Jul 17, 2020
10:51 am

क्या है खबर?

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों लोगों की संख्या 10 लाख पार कर गई है। देश में अब तक 10,03,832 लोगों को वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 25,602 की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में देश में 34,956 नए मामले सामने आए और 687 लोगों की मौत हुई। ये अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले और मौतें हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 3,42,473 है।

स्थिति

10 लाख से अधिक संक्रमितों वाला केवल तीसरा देश बना भारत

इसी के साथ भारत पूरी दुनिया में तीसरा ऐसा देश बन गया है जहां संक्रमितों की संख्या 10 लाख के पार गई है। अमेरिका में सबसे पहले 10 लाख से अधिक लोगों को संक्रमित पाया गया था और यहां अब तक 35.74 लाख लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, जिनमें से 1.38 लाख की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 20.12 लाख लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, जिनमें से 76,688 की मौत हुई है।

दोगुना होने की दर

20 दिन में पांच लाख से 10 लाख हुए मामले

भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या पांच लाख से 10 लाख होने में 20 दिन लगे हैं। देश में 27 जून को संक्रमितों की संख्या पांच लाख से अधिक हुई थी। इससे पहले मामलों को 50,000 से एक लाख मामले होने में 12 दिन, एक लाख से दो लाख होने में 15 दिन और दो लाख से चार लाख पहुंचने में 18 दिन लगे थे। मामलों का चार लाख से आठ लाख होने में 20 दिन लगे थे।

जानकारी

तीन दिन में आए पिछले एक लाख मामले

देश में पिछले एक लाख मामले मात्र तीन दिन में सामने आए हैं और 14 जुलाई को ही मामलों की संख्या नौ लाख के पार गई थी। इससे पहले के एक लाख मामले भी तीन दिन में सामने आए थे।

राज्यों की स्थिति

ये हैं चार सबसे अधिक प्रभावित राज्य

महाराष्ट्र देश का सर्वाधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 2,84,281 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, जिनमें से 11,194 की मौत हुई है। वहीं दूसरे स्थान पर काबिज तमिलनाडु में अब तक 1,56,369 मामले सामने आए हैं और 2,236 की मौत हुई है। 3,545 मौत और 1,18,645 मामलों के साथ दिल्ली और 1,032 मौत और 51,422 मामलों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।

जानकारी

आधे से अधिक सक्रिय मामले मात्र 10 शहरों में

भारत के कुल सक्रिय मामलों में से आधे से अधिक 52.7 प्रतिशत मात्र 10 सबसे अधिक प्रभावित शहरों में हैं। इन शहरों में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरू, हैदराबाद, पुणे, ठाणे, गुवाहाटी और अहमदाबाद शामिल हैं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 22,942 मरीज

देश में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है और पिछले 24 घंटे में 22,942 मरीज ठीक हुए। ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 6,35,757 हो गई है, जो कुल मामलों की 63.34 प्रतिशत है। अगर टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 3,33,228 टेस्ट किए गए, जो अब तक एक दिन में सबसे अधिक हैं। देश में अब तक कुल 1.30 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं।