Page Loader
IPL 2025: GT बनाम LSG मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'
मार्श ने लगाया शतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: GT बनाम LSG मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'

May 22, 2025
11:56 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 64वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 33 रन से हरा दिया। यह LSG की छठी जीत रही। LSG की इस जीत में मिचेल मार्श की अहम भूमिका रही, जिन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शानदार शतक (117) लगाया। वह मौजूदा सीजन में शतकीय पारी खेलने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी रहे। मार्श हमारे 'प्लेयर ऑफ द डे' रहे। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

मार्श ने IPL में अपना पहला शतक लगाया 

मार्श ने GT के तेज गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी के सामने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की। हालांकि, क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने अपनी रन गति में इजाफा किया और 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 56 गेंदों में पारी को शतक में तब्दील किया। इस बीच उन्होंने मार्करम के साथ मिलकर 91 रन की साझेदारी भी की। वह 64 गेंदों पर 10 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 117 रन बनाकर आउट हुए।

रिकॉर्ड्स 

मार्श ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

मार्श अब IPL के एक सीजन में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में केएल राहुल की बराबरी की है। बता दें कि राहुल ने 2022 में 6 पारियों में 50+ स्कोर किए थे। मार्श ने मार्करम के साथ मिलकर IPL में कुल 5वीं, 50+ रन की साझेदारी की। LSG में उनसे ज्यादा 50+ रन की साझेदारी सिर्फ क्विंटन डिकॉक और केएल राहुल (6) की जोड़ी ने की है।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती LSG की टीम 

LSG से ऐडन मार्करम और मार्श ने पहले विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की। इसके बाद मार्श ने अपना शतक (117) पूरा किया और निकोलस पूरन ने अर्धशतक (56*) लगाते हुए टीम को 235/5 तक पहुंचाया। जवाब में GT से साई सुदर्शन (21), शुभमन गिल (35) और जोस बटलर (33) अच्छी शुरुआत के बाद बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद शाहरुख खान के अर्धशतक (57) के बावजूद GT की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।