Page Loader
अनलॉक-4 गाइडलाइंस: 7 सितंबर से चलेगी मेट्रो, स्कूल और कॉलेज रहेंगे बंद

अनलॉक-4 गाइडलाइंस: 7 सितंबर से चलेगी मेट्रो, स्कूल और कॉलेज रहेंगे बंद

Aug 29, 2020
08:40 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने अनलॉक-4 की गाइडलाइंस जारी कर दी है। इनमें पहले से ज्यादा रियायतें दी गई हैं। 21 सितंबर से अधिकतम 100 लोगों के साथ सामाजिक, शैक्षणिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक और दूसरे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इसके अलावा 7 सितंबर से मेट्रो सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से संचालन की अनुमति दी गई है। दूसरी तरफ स्कूल और कॉलेज को पहले की तरह ही बंद रखा जाएगा। अभी इन्हें खोलने की इजाजत नहीं मिली है।

डाटा

30 सितंबर तक लागू रहेंगी गाइडलाइंस

किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों के मास्क पहनना अनिवार्य होगा। गृह मंत्रालय की तरफ से जारी की गई ये गाइडलाइंस 30 सितंबर तक लागू रहेगी। इसके बाद नई गाइडलाइंस का ऐलान किया जाएगा।

यातायात

पांच महीनों बाद बहाल होंगी मेट्रो सेवाएं

सरकार ने 7 सितंबर से चरणबद्ध तरीके से मेट्रो के संचालन को भी बहाल करने की ऐलान किया है। बता दें कि दिल्ली में 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के बाद से ही मेट्रो बंद है। इसके अलावा अन्य शहरों में भी लगभग इसी समय से मेट्रो सेवाएं बंद हैं। पिछले पांच महीनों में यातायात की अन्य सेवाओं को तो शुरू कर दिया गया, लेकिन मेट्रो बंद ही रहीं। अब कई बदलावों के साथ मेट्रो में सफर शुरू हो सकेगा।

ट्विटर पोस्ट

7 सितंबर से शुरू हो जाएगी दिल्ली मेट्रो की सेवाएं

पाबंदी

स्कूल-कॉलेज, सिनेमाघर और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध जारी

केंद्र सरकार ने गाइडलाइंस में कहा है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ गहन विचार-विमर्श के बाद स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को 30 सितंबर तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। हालांकि, कंटेनमेंट जोन से बाहर 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्र अपने परिवार की सहमति के बाद शिक्षकों से मिलने स्कूल जा सकेंगे। स्कूल-कॉलेजों की तरह ही सिनेमाघर, स्विमिंग पूल और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों (विशेष मामलों को छोड़कर) पर पहले की तरह प्रतिबंध जारी रहेगा।

अन्य गाइडलाइंस

केंद्र की मंजूरी के बिना लॉकडाउन नहीं लगा सकेंगी राज्य सरकारें

अनलॉक-4 की गाइडलाइंस में कहा गया है कि राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारें केंद्र से सलाह किए बिना कंटेनमेंट जोन से बाहर किसी भी तरह का लॉकडाउन लागू नहीं कर सकेगी। साथ ही राज्य के भीतर या दूसरे राज्यों में आवागमन पर किसी प्रकार की रोक नहीं होगी। व्यक्तियों और सामानों की ऐसी आवाजाही के लिए परमिशन या ई-परमिट की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा 21 सितंबर से ओपन एयर थियेटर खोलने की भी मंजूरी मिल गई है।

आंकड़े

देश में क्या है संक्रमण की स्थिति?

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ते हुए 34 लाख से पार हो गई है। बीते दिन मिले 76,472 नए मरीजों के साथ कुल मामलों की संख्या 34,63,972 हो गई है और 62,550 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। देश में 10 राज्य ऐसे हैं, जहां संक्रमितों की संख्या एक-एक लाख से ऊपर हो गई है। 7.3 लाख संक्रमितों के साथ महाराष्ट्र सर्वाधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है।