Page Loader
UPSC 2024: भूगोल अनुभाग में अच्छे अंक कैसे प्राप्त करें? अपनाएं ये टिप्स
भूगोल में अच्छे अंक कैसे प्राप्त करें? (तस्वीरः फ्रीपिक)

UPSC 2024: भूगोल अनुभाग में अच्छे अंक कैसे प्राप्त करें? अपनाएं ये टिप्स

लेखन राशि
Feb 20, 2024
06:46 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE) मई में आयोजित होगी। अब इस परीक्षा में केवल 3 महीने का समय शेष है। प्रारंभिक परीक्षा में राजनीति ज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र और भूगोल से सवाल पूछे जाते हैं। भूगोल इस परीक्षा का प्रमुख अनुभाग है, हर साल इससे कई सवाल पूछे जाते हैं। आइए जानते हैं कि भूगोल अनुभाग में अच्छे अंक लाने के लिए उम्मीदवारों को कैसे तैयारी करनी चाहिए।

NCERT

NCERT किताबों की मदद से बनाएं आधार

भूगोल की तैयारी के लिए NCERT किताबें जरूर पढ़ें, ये व्यापक समझ के लिए ठोस आधार प्रदान करती हैं। उम्मीदवार कक्षा 6 की पृथ्वी हमारा निवास स्थान, कक्षा 7 की हमारा पर्यावरण, कक्षा 8 की संसाधन और विकास किताब पढ़ें। इसके अलावा कक्षा 9 की समकालीन भारत भाग 1, कक्षा 10 की समकालीन भारत भाग 2, कक्षा 11 की भौतिक भूगोल के मूल सिद्धांत, भारत का भौतिक पर्यावरण, कक्षा 12 की मानव भूगोल के मूल सिद्धांत भी उपयोगी किताबें हैं।

मानचित्र

मानचित्र की मदद से याद रखें जानकारी

भूगोल के पाठ्यक्रम में उम्मीदवारों को अलग-अलग नदियां, पहाड़, प्रसिद्ध देश, जलमार्ग, जल संधि आदि के बारे में पढ़ना होता है। इन जानकारियों को मानचित्र की मदद से याद करना आसान होता है। ऐसे में उम्मीदवार भारत और विश्व का मानचित्र बनाना सीखें। मानचित्र की मदद से वनस्पति और खनिज, मिट्टी, वर्षा, पर्वत श्रंखलाएं और दर्रे, घाट, द्वीप समूह, प्रमुख महासागर, प्राकृतिक घटनाओं के केंद्र बिंदुओं से संबंधित जानकारियां याद करें।

करेंट अफेयर्स

करेंट अफेयर्स को अनदेखा न करें

भूगोल केवल स्थिर जानकारियों वाला विषय नहीं है। इसमें कई गतिशील जानकारियां भी शामिल होती है जैसे प्राकृतिक अपदाएं, पर्यावरण संरक्षण पहल आदि। ऐसे में उम्मीदवार करेंट अफेयर्स को बिल्कुल भी अनदेखा न करें। प्रत्येक दिन अखबार में पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारियों को पढ़ें। महत्वपूर्ण संगठनों द्वारा जारी की गई रिपोर्ट और तथ्यों के नोट्स बनाएं। नियमित तौर पर इनका रिवीजन करें, इससे अवधारणाओं में स्पष्टता मिलेगी और आप बेहतर अंक हासिल कर पाएंगे।

अभ्यास

पिछले साल के प्रश्नपत्रों से अभ्यास करें

भूगोल में अच्छे अंक लाने के लिए पिछले साल के प्रश्नपत्रों को हल करना और प्रश्नों का गहराई से अवलोकन करना जरूरी है। उम्मीदवार कम से कम 10 सालों के प्रश्नपत्रों का विश्लेषण करें, इससे परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों की प्रकृति पता चलेगी। इसकी मदद से उम्मीदवार समझ पाएंगे कि उन्हें किन क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इसके अलावा तैयारी का आंकलन करने के लिए मॉक टेस्ट हल करना भी आवश्यक है।

जानकारी

वीडियो कक्षाओं की मदद लें

भूगोल की अवधारणाओं को वीडियो कक्षाओं के माध्यम से समझें। इनमें ग्राफिक्स की मदद से अच्छी तरह से जानकारियों को बताया जाता है। इससे फोटोग्राफिक मेमोरी मजबूत होती है और उम्मीदवार चीजों को लंबे समय तक याद रख पाते हैं।