Page Loader
UPSC की सिविल सेवा परीक्षा में निबंध लेखन की तैयारी कैसे करें?
UPSC की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के नौ पेपरों में से एक निबंध लेखन का भी पेपर है

UPSC की सिविल सेवा परीक्षा में निबंध लेखन की तैयारी कैसे करें?

लेखन तौसीफ
Oct 10, 2022
07:00 am

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के नौ पेपरों में से एक निबंध लेखन का भी पेपर है। अगर आप UPSC की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो आपको यह जानना जरूरी है कि इस पेपर को किस प्रकार लिखा जाए ताकि आप अच्छे अंक प्राप्त कर सकें। आइए अब जानते हैं कि यह पेपर कितने अंक का होता है और इसे किस प्रकार लिखना चाहिए।

अंक

निबंध लेखन का पेपर कितने अंक का होता है?

बता दें कि सिविल सेवा मुख्य परीक्षा में निबंध लेखन के पेपर में आपको कुल दो निबंध लिखने होंगे। इसमें प्रत्येक निबंध की शब्द संख्या 1,000 से लेकर 1,200 के बीच होनी चाहिए। पेपर में आपको हर एक भाग के चार विषयों में से एक विषय का चयन करना होगा।। निबंध का पेपर कुल 250 अंकों का होता है, जिसमें एक निबंध 125 अंकों का होता है। इसके लिए आपको तीन घंटे का समय मिलेगा।

अभ्यास

लिख-लिख कर करें अभ्यास

निबंध लेखन में अच्छे अंक लाने के लिए आपका लिख-लिख कर अभ्यास करना सबसे जरूरी है। अपने इस अभ्यास के दौरान आपको यह ध्यान रखना चाहिए कि आपकी लेखनी तो अच्छी होनी ही चाहिए, इसके साथ ही साथ आपको व्याकरण, पुल्लिंग-स्त्रीलिंग और वर्तनी पर अच्छी पकड़ बनानी होगी। कोशिश करें कि आप निबंध लेखन के अभ्यास की कॉपी किसी ऐसे व्यक्ति को पढ़ाएं जिसे भाषा की समझ अच्छी हो। इससे वो आपको आपकी गलतियों के बारे में बता सकेगा।

विकल्प

पेपर में दिए गए विकल्पों का चुनाव कैसे करें?

सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को बता दें कि अपना विषय चुनते समय यह सुनिश्चित करें कि आप दिए गए विषयों में से उस विषय के बारे में सबसे अधिक जानते हैं। इस दौरान आप यह ध्यान रखें कि दिए गए किसी संवेदनशील या विवादास्पद विषय को न चुनें। इसके अलावा आपको ऐसा विषय नहीं चुनना चाहिए जिसके बारे में आप बहुत भावुक हैं क्योंकि हो सकता है कि आप संतुलित निबंध लिखने में असफल हो जाएं।

लिखावट

बिना सोच-समझे न शुरू करें लिखना

अपना विषय चुनने के बाद आपको तुरंत लिखना शुरू नहीं करना चाहिए। क्योंकि 1,000-2,000 शब्दों का निबंध लिखने के लिए प्लानिंग होनी जरूरी है ताकि आप सभी चीजें एक लह में लिख सकें। इस लिए कुछ समय सोचना और अपने विचार एकत्रित करना ही समझदारी है। इसके लिए बेहतर होगा कि आप पेंसिल में उन बिंदुओं को लिखें जिन्हें आप लिखना चाहते हैं। यह महत्वपूर्ण है क्योंकि तभी आप अपनी बातों को सही क्रम में लिख सकते हैं।

संरचना

निबंध की संरचना कैसी होनी चाहिए?

एक बार जब आप निबंध के बिंदु तैयार कर लें, तो आप निबंध लिखना शुरू करें। लिखते समय आपको एक अच्छी संरचना का पालन करना चाहिए। एक अच्छे निबंध की संरचना के लिए पहले परिचय लिखें, इसके बाद ऐतिहासिक, मुख्य मुद्दा, समस्या या विषय के बारे में लिखें। फिर विषय से संबंधित वर्तमान परिदृश्य या वर्तमान समाचार के बारे में जानकारी दें और सकारात्मक और नकारात्मक पहलू बताएं और अन्त में बाधाएं और उसमें सुधार या आगे का रास्ता बताएं।