
10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए विज्ञान की तैयारी करना है आसान, अपनाएं ये रणनीति
क्या है खबर?
10वीं की बोर्ड परीक्षा में विज्ञान विषय में अच्छे अंक हासिल करना थोड़ा मुश्किल माना जाता है।
विज्ञान में भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान होने से विद्यार्थियों को जानकारियां याद करने में बड़ी कठिनाई होती है।
जिन विद्यार्थियों का विज्ञान में कम मन लगता है, उनके लिए 10वीं की बोर्ड परीक्षा में इस विषय में पास होना किसी चुनौती से कम नहीं है।
आइए जानते है 10वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी विज्ञान विषय की तैयारी कैसे करें।
#1
पाठ्यक्रम के अनुसार तैयारी करें
10वीं के छात्र परीक्षा की तैयारी के लिए अच्छी अध्ययन योजना बनाएं।
सबसे पहले पाठ्यक्रम को समझें। सभी टॉपिकों को सरल और कठिन भागों में बांट लें।
ऐसा करने से रिवीजन के समय आसानी होगी और आप ये तय कर सकेंगे कि कौनसे टॉपिक पर कितना समय देना है।
कठिन टॉपिकों को समझने में ज्यादा समय दें। NCERT पुस्तकों के प्रश्नों को हल करें। समय-समय पर मॉक टेस्ट हल करें।
#2
रासायनिक सूत्रों को अच्छी तरह याद करें
विज्ञान विषय में उपयोग की जाने वाली सभी शब्दावलियों के साथ महत्वपूर्ण रासायनिक प्रतिक्रियाओं और प्रतीकों को अच्छे से याद कर लें।
जो प्रतिक्रियाएं कठिन लगे, उन्हें याद करने के लिए विशेषज्ञों और शिक्षकों की मदद लें।
रासायनिक सूत्रों को अच्छे से याद करें। कठिन टॉपिकों से संबंधित वीडियो देखें। इससे याद करने में आसानी होगी।
आवर्त सारणी के सभी तत्वों को याद रखने में परेशानी हो तो टेबल में रंगों का प्रयोग करते हुए आसानी से याद करें।
#3
परीक्षा पैटर्न और अंक योजना समझें
परीक्षा की तैयारी से पहले पिछले वर्ष के प्रश्नपत्रों से परीक्षा का पैटर्न जानें और दोहराए जाने वाले टॉपिकों की सूची बना लें।
विज्ञान जैसे कठिन विषय में अंकन योजना समझना भी जरूरी है, इससे परीक्षा की तैयारी में आसानी होती है।
10वीं बोर्ड परीक्षा में थ्योरी का पेपर 75 अंकों का होता है और प्रश्नपत्र अलग-अलग खंडों में विभाजित होते हैं।
प्रत्येक अनुभाग के लिए अंक वितरण और प्रश्नों की संख्या समझें और उसके आधार पर पढ़ाई करें।
#4
जीव विज्ञान और भौतिकी को आसान बनाएं
जीव विज्ञान में हर अध्याय को रटने के बजाए अवधारणाओं को समझें।
इस विषय में प्रत्येक आरेख, उसकी लेबलिंग और सिद्धांतों को लिख-लिख कर याद करें।
भौतिकी में हमेशा अंकों और ग्राफ पर ध्यान दें। ये तत्व परीक्षा में अंक बढ़ाने में मदद करेंगे।
संख्यात्मक सवाल हल करने के लिए प्वाइंट्स लिखें और प्रमेय से संबंधित सवालों को बार-बार हल करें।
इससे आप आसानी से और तेज गति के साथ प्रश्न हल करने में सक्षम हो पाएंगे।
जानकारी
रिवीजन पर फोकस करें
विज्ञान में अच्छे अंक लाने के लिए विद्यार्थियों को भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान में पढ़ाई जाने वाली अवधारणाओं की गहन वैचारिक समझ विकसित करना चाहिए। ऐसे में प्रत्येक दिन जानकारियों का रिवीजन करें और समय-समय पर अपनी तैयारी को आंके।