Page Loader
इतनी महंगी क्यों होती हैं रोल्स रॉयस की कारें?

इतनी महंगी क्यों होती हैं रोल्स रॉयस की कारें?

Oct 16, 2020
09:30 pm

क्या है खबर?

ऑटोमोबाइल कंपनी रोल्स रॉयस को शानदार और महंगी कारें बनाने के लिए जाना जाता है। जब भी कोई बड़ी और मशहूर हस्ती अपने स्टेटस के अनुसार कार खरीदने के बारे में सोचती है तो उसके सामने सबसे पहला ऑप्शन रोल्स रॉयस का आता है। कुछ लोगों का सोचना हो सकता है कि इसकी कारों में ऐसा क्या खास होता है? जो यह इतनी महंगी होती हैं। इसलिए हमने यहां रोल्स रॉयस की कारें महंगी होने का कारण बताया है।

#1

केबिन में शानदार मैटेरियल का होता है उपयोग

कई कंपनियां अपनी कारों के केबिन में प्लास्टिक या साधारण गुणवत्ता वाले मैटेरियल का उपयोग करती हैं। वहीं रोल्स रॉयस की कारों के केबिन में अच्छे मैटेरियल का उपयोग किया जाता है। बता दें कि कारों में अधिकांश बटन्स मेटल के बने होते हैं। इतना ही नहीं कंपनी ने अपने कुछ चुनिंदा मॉडल्स को डिजाइन करने में सोने और क्रिस्टल का उपयोग भी किया है। साथ ही डैशबोर्ड अच्छी लकड़ी और चमड़े से बना होता है।

#2

सालों बाद भी परफॉर्मेंस में नहीं आती कमी

डिजाइन के अलावा रोल्स रॉयस को भरोसे के लिए भी जाना जाता है। इसकी कारों पर आंख बंद कर भरोसा किया जा सकता है। आज भी कंपनी की कारें सालों-साल अच्छा परफॉर्म करती हैं। इनकी कारों को इतने ध्यान और अच्छे मैटेरियल से बनाया जाता है ताकि सालों बाद भी उनकी परफॉर्मेंस में कोई कमी न आए। यही कारण है कि लोगों को इसकी कारों पर इतना भरोसा होता है।

#3

हैंडक्राफ्टेड होती हैं कारें

बहुत ही कम कंपनियां हैं, जो इस बात का दावा करती हैं कि उनकी कारें हैंडक्राफ्टेड यानी हाथ से बनी हुई होती हैं। हालांकि, ऐसी कंपनियों में एक रोल्स रॉयस भी है। इस कंपनी की कारों में केवल पेंट का काम हाथ से नहीं होता है। उसके अलावा कारों में सारा काम हैंडक्राफ्टेड होता है। जिस कारण यह अधिक उपयोगी और आकर्षित होती हैं। यहां तक कि रेडिएटर और इंजन अभी भी पूरी तरह से कारीगारों द्वारा बनाए जाते हैं।

#4

ब्रांड की भी होती है कीमत

जैसा कि हमने बताया है कि बड़े व्यापारियों आदि की पहली पसंद रोल्स रॉयस होती है। यही कारण है इसे प्रसिद्ध हस्तियों के स्टेटस को देखते हुए डिजाइन किया जाता है। सालों से प्रसिद्ध अभिनेताओं और मशहूर हस्तियों अपने स्टेटस को बढ़ाने के लिए रोल्स रॉयस की कारों का उपयोग कर रहे हैं। इसका मतलब है कि इनकी कीमत सिर्फ कार की खूबियों के लिए ही नहीं बल्कि ब्रांड के लिए भी होती है। इसलिए यह महंगी होती हैं।

#5

सालों से चली आ रही है रोल्स रॉयस

रोल्स रॉयस के पास 100 सालों से ज्यादा का अनुभव है। सन 1981 में रोल्स रॉयस ने कंपनी इंजीनियरिंग को बेहतर करने के लिए एक ट्रस्ट का गठन किया था। कंपनी न केवल अपनी ब्रांड के लिए बल्कि प्रसिद्ध ब्रिटिश सिंगल सीट लड़ाकू विमान स्पिटफायर का इंजन डेवलप करने के लिए जानी जाती है। यह भी एक कारण है कि लोग रोल्स रॉयस की कारों को पसंद करते हैं और यह मंहगी होती हैं।

#6

ड्राइविंग अनुभव होता है बेहतर

आधुनिक रोल्स रॉयस की कारों को चलाने का अनुभव ही अलग होता है। इनमें V12 इंजन दिया जाता है। नई कलिनन मॉडल से लंबी यात्रा के दौरान काफी आराम मिलता है। यात्रियों के आराम के लिए इसमें सेल्फ लेवलिंग एयर सस्पेंशन का उपयोग किया गया है। लंबी यात्रा के दौरान न सिर्फ बैठने वाले को बल्कि ड्राइविंग करने वालों को भी काफी आराम मिलता है। यही कारण है कि लोग इसे पसंद करते हैं।

#7

बेहतरीन टेक्नोलॉजी का होता है उपयोग

रोल्स रॉयस की कारों में बेहतरीन टेक्नॉलॉजी का उपयोग किया जाता है। इसकी कारों को ट्रेडिशनल डिजाइन दिया जाता है, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक्स में यह एडवांस टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हैं। अच्छे इंजीनियरों की टीम मिलकर कार को बेहतर बनाती है। बता दें कि रोल्स रॉयस कलिनन में पार्किंग के लिए 360 डिग्री 3D कैमरा भी है। साथ ही इसमें एक नाइट मोड भी दिया जाता है। इन सभी कारणों की वजह से इसकी कारें महंगी और अच्छी होती हैं।