LOADING...
ईरान का फोर्दो परमाणु प्लांट क्यों नष्ट करना चाहता है इजरायल और ये कितना सुरक्षित है?
ईरान का फोर्दो परमाणु प्लांट कोम शहर के पास स्थित है

ईरान का फोर्दो परमाणु प्लांट क्यों नष्ट करना चाहता है इजरायल और ये कितना सुरक्षित है?

लेखन आबिद खान
Jun 18, 2025
03:54 pm

क्या है खबर?

ईरान पर हमले के दौरान इजरायल उसकी परमाणु सुविधाओं को निशाना बना रहा है। उसका कहना है कि किसी भी कीमत पर ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते। इस बीच ईरान के फोर्दो परमाणु प्लांट की चर्चाएं हैं। खबरें हैं कि इजरायल का अगला निशाना ये प्लांट हो सकता है। हरे-भरे पहाड़ों में करीब 300 फीट जमीन के नीचे स्थित ये प्लांट ईरान का सबसे गुप्त एटमी ठिकाना है। आइए इसके बारे में जानते हैं।

प्लांट

कहां और कैसा है फोर्दो प्लांट?

फोर्दो प्लांट ईरान के कोम शहर के नजदीक है। ये खूबसूरत वादियों और पहाड़ों के एक समूह के बीच स्थित है। ईरान के इस बेहद गुप्त ठिकाने के बारे में ज्यादा जानकारी भी सामने नहीं आई है। माना जाता है कि यहां जमीन से 80 से लेकर 300 फीट गहराई में ईरान ने परमाणु लेबोरेटरी स्थापित कर रखी है। 2009 में पहली बार पश्चिमी देशों की खुफिया एजेंसियों ने इसके बारे में खुलासा किया था।

परमाणु

फोर्दो प्लांट में क्या करता है ईरान?

रिपोर्ट के मुताबिक, फोर्दो में करीब 2,000 सेंट्रीफ्यूज मशीनें हैं। इनमें से कई उन्नत IR-6 मशीनें हैं, जो यूरेनियम को 60 प्रतिशत तक संवर्धित कर सकती हैं। बता दें कि परमाणु हथियार बनाने के लिए यूरेनियम को 90 प्रतिशत तक शुद्ध करने की जरूरत होती है। अगर फोर्दो प्लांट की क्षमता में बढ़ोतरी की जाती है तो ईरान परमाणु बम बनाने के बेहद करीब होगा। माना जाता है कि 2018 में ईरान ने इसे दोबारा सक्रिय किया था।

सुरक्षा

कितना सुरक्षित है फोर्दो प्लांट?

फोर्दो को सबसे ज्यादा सुरक्षा उसकी भौगोलिक स्थिति की वजह से मिलती है। ये पहाड़ों के बीच प्राकृतिक तरीके से सुरक्षित है, जो इसे किसी भी तरह के हवाई और पारंपरिक बमबारी से लगभग अभेद्य बनाता है। माना जाता है कि ईरान ने इसकी सुरक्षा के लिए रूस के S-400 मिसाइल सिस्टम को भी तैनात कर रखा है। बेहद कम जानकारी का उपलब्ध होना इस प्लांट की सुरक्षा को और जटिल कर देती है।

इजरायल

क्या इजरायल इसे नष्ट कर सकता है?

इजरायल के पास फोर्दो प्लांट को नष्ट करने के लिए जरूरी हथियार और युद्ध प्रणाली नहीं है। यही वजह है कि इजरायली हमले के बावजूद अब तक इस प्लांट को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने कहा कि फोर्दो प्लांट से अब तक किसी तरह के रेडिएशन की घटना सामने नहीं आई है। जबकि, एजेंसी ने दूसरी परमाणु सुविधाओं पर नुकसान की पुष्टि की है, जहां इजरायल ने हमला किया है।

अमेरिका

अमेरिका के पास है फोर्दो प्लांट को नष्ट करने की क्षमता?

अमेरिका के पास मैसिव ऑर्डनेंस पेनिट्रेटर बम (MOPB) हैं। इन्हें 'बंकर बस्टर बम' भी कहा जाता है। 30,000 पाउंड वजनी ये बम 60 मीटर मोटी कांक्रीट की परत को तोड़कर जमीन के 200 फीट नीचे जाकर धमाका कर सकता है। इसी वजह से इसे फोर्दो को नष्ट करने के लिए सबसे उपयुक्त माना जा रहा है। इन बमों को केवल अमेरिकी B-2 स्टील्थ बॉम्बर में ही ले जाया जा सकता है।