LOADING...
ईरान के खार्ग द्वीप पर कब्जे की योजना बना रहे ट्रंप, सैनिक भेज सकते हैं- रिपोर्ट
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप खार्ग द्वीप पर कब्जे की योजना बना रहे हैं

ईरान के खार्ग द्वीप पर कब्जे की योजना बना रहे ट्रंप, सैनिक भेज सकते हैं- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Mar 16, 2026
05:58 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खार्ग द्वीर पर कब्जा करने की योजना बना रहे हैं। इस द्वीप से ईरान का ज्यादातर तेल निर्यात होता है। युद्ध के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट और ईरान की अर्थव्यवस्था पर चोट के इरादे से ट्रंप ये कदम उठा सकते हैं। अमेरिकी मीडिया एक्सियोस ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलता है, तो ट्रंप खार्ग पर कब्जे का आदेश दे सकते हैं।

रिपोर्ट

अधिकारी बोले- इसमें ज्यादा जोखिम, लेकिन फायदा भी ज्यादा 

रिपोर्ट में अमेरिका के अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि ट्रंप खार्ग द्वीप पर कब्जा करने के विचार की ओर झुके हुए हैं, क्योंकि उनका मानना है कि इससे ईरानी शासन को आर्थिक रूप से करारा झटका लगेगा। एक अधिकारी ने कहा, "इसमें बड़े जोखिम हैं। इसमें बड़े फायदे भी हैं। राष्ट्रपति अभी इस फैसले पर नहीं पहुंचे हैं और हम यह भी नहीं कह रहे कि वे ऐसा करेंगे।"

सैनिक

जमीन पर सैनिक भेजने के खिलाफ ट्रंप पर भारी दबाव

अगर ट्रंप इस विचार पर आगे बढ़ते हैं, तो युद्ध में पहली बार अमेरिकी सैनिक जमीन पर उतरेंगे। इससे खाड़ी देशों में तेल सुविधाओं और पाइपलाइनों पर ईरान के जवाबी हमले भड़कने का खतरा पैदा हो जाएगा। वहीं, ट्रंप पर घरेलू स्तर पर पहले ही जमीनी पर सैनिकों की तैनाती को लेकर बहुत दबाव है। ईरान कह चुका है कि वो अमेरिकी सैनिकों का स्वागत करने को तैयार है। ऐसे में ये कदम नई तबाही ला सकता है।

Advertisement

वजह

खार्ग पर क्यों कब्जा करना चाहते हैं ट्रंप?

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही रोककर दुनिया के कई देशों में ऊर्जा संकट खड़ा कर दिया है। यहीं नहीं, वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी इसका असर हो रहा है। स्थिति की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने एक्सियोस को बताया कि जब तक यह नाकेबंदी जारी रहती है और खाड़ी के तेल की आपूर्ति बाधित रहती है, तब तक ट्रंप इस युद्ध को समाप्त नहीं कर सकते, भले ही वे ऐसा करना चाहें तब भी।

Advertisement

द्वीप

ईरान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है खार्ग द्वीप

ईरान के कुल तेल निर्यात का 90 से 95 प्रतिशत हिस्सा खार्ग से ही होता है। द्वीप पर ईरानी तेल मंत्रालय द्वारा संचालित तीन प्रमुख ऊर्जा संयंत्र भी हैं। यहां खार्ग पेट्रोकेमिकल कंपनी भी है, साथ ही तेल और LPG के भंडारण और निर्यात के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक बड़ी इकाई भी है। यानी ये ईरान की आय के लिए सबसे अहम है। इसी वजह से इसे ईरानी अर्थव्यवस्था की रीढ़ कहा जाता है।

Advertisement