Page Loader
व्लादिमीर पुतिन के युद्धविराम प्रस्ताव को वोलोडिमीर जेलेंस्की ने नकारा, रूस ने दी ये चेतावनी
रूस यूक्रेन में तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है

व्लादिमीर पुतिन के युद्धविराम प्रस्ताव को वोलोडिमीर जेलेंस्की ने नकारा, रूस ने दी ये चेतावनी

लेखन आबिद खान
May 04, 2025
11:41 am

क्या है खबर?

रूस और यूक्रेन में तनातनी एक बार फिर बढ़ गई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा दिया गया युद्धविराम प्रस्ताव ठुकरा दिया है। दरअसल, ये प्रस्ताव रूस में 9 मई को होने वाली विक्ट्री डे परेड के लिए दिया गया था। जेलेंस्की ने इसे राजनीतिक खेल बताया है। इसके बाद रूस ने यूक्रेन को चेतावनी दी है कि अगर कोई हमला हुआ तो यूक्रेन 10 मई का सूरज नहीं देख पाएगा।

प्रस्ताव

रूस ने 72 घंटे के युद्धविराम का दिया था प्रस्ताव

दरअसल, 9 मई को रूस विक्ट्री डे का आयोजन करेगा। दूसरे विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत की मौके पर विक्ट्री डे मनाया जाता है। रेड स्क्वायर पर होने वाले इस समारोह में दुनियाभर के कई नेताओं का जुटान होना है। इसे देखते हुए पुतिन ने 8 से 10 मई तक 72 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की थी। यूक्रेन ने इसे खारिज करते हुए कहा कि रूस बिना शर्त 30 दिन का युद्धविराम करे।

बयान

जेलेंस्की बोले- मेहमानों की सुरक्षा की गारंटी नहीं

जेलेंस्की ने रूस के प्रस्ताव को नाटक बताते हुए कहा था, "पुतिन हथियार रखकर बातचीत शुरू करें। यूक्रेन का 30 दिन का युद्धविराम प्रस्ताव अभी भी मेज पर है, जो ट्रंप प्रशासन ने सुझाया था।" RBC समाचार पोर्टल ने जेलेंस्की के हवाले से कहा, "रूसी संघ के क्षेत्र में जो कुछ भी होता है, उसके लिए हम जिम्मेदार नहीं हो सकते। रूस एजेंसी आपको सुरक्षा प्रदान करते हैं और इसलिए हम आपको कोई गारंटी नहीं देंगे।

रूस

रूस ने दी यूक्रेन को चेतावनी

रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने जेलेंस्की के बयान को 'सीधी धमकी' बताया है। वहीं, रूस की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने कहा, "यह यूक्रेन की शांति के प्रति भावना की असर परीक्षा है। अगर यूक्रेन ने 9 मई को द्वितीय विश्व युद्ध के विजय समारोह के दौरान मास्को पर हमला किया तो कोई भी इसकी गारंटी नहीं दे सकता कि यूक्रेन की राजधानी कीव 10 मई तक जीवित रहेगी या नहीं।"

हमले

रूस-यूक्रेन के बीच बढ़े हमले

रूस ने खारकीव पर ड्रोन हमले किए हैं, जिसमें 47 लोगों के घायल होने की खबर है, जिसमें एक 11 साल का बच्चा भी शामिल है। शहर के मेयर इहोर तेरेखोव ने बताया कि 4 इलाकों में 12 जगहों पर हमले हुए हैं। रूस का दावा है कि उसने यूक्रेन के कुर्स्क इलाके से यूक्रेनी सेना को खदेड़ दिया है। वहीं, यूक्रेन ने दावा किया कि उसने रूस के 77 ड्रोन मार गिराए हैं।

न्योता

विक्ट्री डे परेड के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आया था न्योता

9 मई को होने वाली विक्ट्री डे परेड के लिए रूस युद्धस्तर पर तैयारी कर रहा है। इसका मुख्य कार्यक्रम मॉस्को के रेड स्क्वायर पर होगा। इस समारोह में शामिल होने के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता भेजा गया था। हालांकि, पहलगाम हमले के चलते वे कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के इस आयोजन में जाने की चर्चा थी, लेकिन अब वह भी इसमें शामिल नहीं होंगे।