Loading...
अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की तैयारी कर रहा रूस? जर्मन खुफिया एजेंसी का दावा
अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की तैयारी कर रहा रूस

अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की तैयारी कर रहा रूस? जर्मन खुफिया एजेंसी का दावा

Nov 24, 2026
04:09 pm

क्या है खबर?

जर्मन खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि रूस इस साल के अंत तक पृथ्वी की कक्षा (ऑर्बिट) में परमाणु हथियार ले जाने वाला सैटेलाइट लॉन्च कर सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह पृथ्वी की ऑर्बिट में न्यूक्लियर हथियार रोकने वाली अंतरराष्ट्रीय संधियों का उल्लंघन होगा। इस खुफिया रिपोर्ट के बाद जर्मनी और उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) देशों में गंभीर चिंता पैदा हो गई है। हालांकि, रूस ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।

रिपोर्ट

क्या कहती है खुफिया जांच रिपोर्ट?

द गार्जियन के हवाले से, जर्मन अखबार सूडडॉयचे त्साइटुंग, सार्वजनिक प्रसारकों NDR और WDR की एक संयुक्त जांच में सामने आया है कि पश्चिमी खुफिया और सैन्य आकलन के मुताबिक रूस इसी साल यह सैटेलाइट लॉन्च कर सकता है।

इस आकलन का समर्थन पश्चिमी खुफिया एजेंसियों और जर्मनी की सेना के अधिकारी बुंडेसवेहर और जर्मनी की संघीय विदेशी खुफिया एजेंसी BND के फेडरल इंटेलिजेंस सर्विस ने किया है।

यह पूरी दुनिया के लिए चिंता करने वाली रिपोर्ट है।

आशंका

60 दिनों के भीतर लॉन्च की आशंका

जर्मन सैन्य विशेषज्ञों ने रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस समेत वरिष्ठ राजनेताओं को इस संभावित योजना की जानकारी दी है और इसे कई NATO सदस्यों के साथ भी साझा किया गया है।

नवंबर की शुरुआत में जारी चेतावनियों में संकेत दिया गया था कि यह सैटेलाइट 60 दिनों के भीतर लॉन्च किया जा सकता है और इसके तुरंत बाद सक्रिय भी किया जा सकता है।

जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और NATO सेक्रेटरी जनरल मार्क रूटे ने इस पर चिंता जताई है।

ADVERTISEMENT

बयान

जर्मन चांसलर ने क्या दिया बयान?

इस संवेदनशील मुद्दे पर जर्मन चांसलर मर्ज ने कहा, "रूस द्वारा अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की योजना की खबरें नई नहीं हैं, लेकिन ये कम चौंकाने वाली भी नहीं हैं। यह दर्शाता है कि रूस स्थिति को किस हद तक बढ़ाने के लिए तैयार है।"

NATO महासचिव रूट ने कहा, "हम हमेशा यह सुनिश्चित करेंगे कि हम NATO के हर एक इंच क्षेत्र की रक्षा करें। इसमें यह सुनिश्चित करना भी शामिल है कि अंतरिक्ष भी सुरक्षित रहें।"

ADVERTISEMENT

खारिज

रूस ने खारिज की रिपोर्ट

जर्मन रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि अधिकारी अंतरिक्ष में वैश्विक घटनाक्रमों के साथ-साथ अन्य देशों की गतिविधियों पर लगातार और बारीकी से नजर रख रहे हैं।

इधर, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने इन रिपोर्टों को खारिज करते हुए कहा, "नहीं, हमने यह रिपोर्ट नहीं देखी है। इसमें इतने सारे दावे हैं, जिन्हें पता नहीं किसके हवाले से लिखा गया है। इन्हें गंभीरता से लेने की शायद ही कोई जरूरत है।"

जानकारी

बर्लिन स्थित रूसी दूतावास ने भी दावे को किया खारिज

बर्लिन स्थित रूसी दूतावास ने भी ऐसी किसी योजना की जानकारी होने से इनकार करते हुए इन दावों को रूसी संघ की अंतरिक्ष गतिविधियों के संबंध में निराधार आरोप और एक प्रोपेगेंडा अभियान का हिस्सा करार दिया है।

उल्लंघन

अंतरराष्ट्रीय संधियों का सीधा उल्लंघन

अगर, रूस की इस योजना की पुष्टि होती है, तो यह 1967 की बाह्य अंतरिक्ष संधि और 1963 की आंशिक परमाणु परीक्षण प्रतिबंध संधि का सीधा उल्लंघन होगा।

इन संधियों पर रूस ने भी हस्ताक्षर किए हैं। ये संधियां पृथ्वी की कक्षा में परमाणु हथियार तैनात करने पर सख्त प्रतिबंध लगाती हैं।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने NATO की सदस्यता को यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी बताया है।

ADVERTISEMENT