तुषार कपूर को खुद से बेहतर अभिनेता मानते हैं जितेंद्र, बोले- वो मुझसे ज्यादा मेहनती
क्या है खबर?
दिग्गज अभिनेता जितेंद्र ने अपने बेटे तुषार कपूर को खुद से ज्यादा मेहनती और समर्पित अभिनेता बताया है। भारतीय सिनेमा में 6 दशक से ज्यादा समय तक हिट फिल्में देने अभिनेता ने अपनी सफलता का श्रेय किस्मत और सही समय पर मिले मौके को दिया। उन्होंने अपने मुकाबले तुषार को मिली कम सफलता के बारे में भी बात की। जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने करियर को लेकर तुषार को कभी गाइड नहीं किया। वह पहले से बहुत समझदार हैं।
बयान
तुषार के करियर को लेकर क्या बोले जितेंद्र?
वैरायटी इंडिया से बातचीत में जब जितेंद्र ने कहा, "यह सब किस्मत है। तुषार मुझसे कहीं बेहतर और ज्यादा समर्पित अभिनेता है, और मैं यह सिर्फ इसलिए नहीं कह रहा कि वह मेरा बेटा है। मैं बस लकी था कि सही समय पर सही जगह पर था। सोचिए अगर महान वी शांतारामजी ने मुझे नहीं देखा होता और हीरो नहीं बनाया होता तो मेरा क्या होता।"
उन्होंने बताया कि उस वक्ति उनके पास अनुभव या प्रतिभा नहीं, सिर्फ किस्मत थी।
तारीफ
"तुषार को कभी सलाह की जरूरत नहीं पड़ी"
उन्होंने कहा, "तुषार बहुत समझदार और बहुत फोकस्ड लड़का है। उसे कभी मेरी सलाह की जरूरत नहीं पड़ी। मुझे एकता की चिंता रहती थी। जब वह छोटी थी, तो सिर्फ 3 काम करती थी, खाना, खाना और खाना। वह अपने भाई का टिफिन भी खत्म कर देती थी। मैंने कभी नहीं सोचा था कि वह आज जहां है, वहां पहुंचेगी।"
जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने तुषार को उस कंस्ट्रक्शन बिजनेस में शामिल कर लिया है, जिसे वह चला रहे हैं।
सफर
जितेंद्र और तुषार का फिल्मी करियर
जितेंद्र सिनेमा के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं, जिन्होंने 80 और 90 के दशक में 'कारवां', 'हमजोली', 'जीने की राह', 'बिदाई', 'धरम वीर', 'हिम्मतवाला', 'तोहफा' और 'स्वर्ग नरक' जैसी यादगार फिल्में देकर कामयाबी चखी।
अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए तुषार ने 'मुझे कुछ कहना है' (2001) से बॉलीवुड में डेब्यू किया। हालांकि, उनका सफर अधिकतर सहायक कलाकार, ग्रुप फिल्में और कॉमेडी तक सीमित रहा।
आने वाले दिनों में तुषार रोहित शेट्टी की 'गोलमाल 5' में नजर आएंगे।