अमेरिकी तेल टैंकर पर हमला, कतर-बहरीन में ड्रोन धमाके; इजरायल-ईरान युद्ध में आज क्या-क्या हुआ?
क्या है खबर?
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का आज 7वां दिन है। आज भी इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में हमले किए। इजरायल के लेबनान में भी हमले जारी हैं। वहीं, ईरान ने भी दोहा और बहरीन समेत कुछ और खाड़ी देशों में ड्रोन हमले किए। ईरान ने एक अमेरिकी तेल जहाज पर भी मिसाइल दागने का दावा किया है। आइए आज दिनभर के बड़े घटनाक्रम जानते हैं।
इजरायल
इजरायल ने कोम में मिसाइल लॉन्चर को बनाया निशाना
इजरायली सेना ने कहा कि उसने ईरान के कोम शहर में एक बैलिस्टिक मिसाइल प्लेटफॉर्म को नष्ट कर दिया है। इजरायल ने तेहरान और करज में लगभग दिनभर हमले किए हैं। सेना का कहना है कि तेहरान में रातभर हुए हवाई हमलों में ईरानी मिसाइल स्टोरेज और लॉन्च साइट्स तबाह हो गई हैं। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि इजरायल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ युद्ध में ऐतिहासिक बढ़त हासिल की है।
टैंकर
ईरान का दावा- अमेरिकी तेल टैंकर पर हमला किया
ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनर गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने आज सुबह उत्तरी खाड़ी में एक अमेरिकी टैंकर पर हमला किया। IRGC ने कहा कि अमेरिका, इजरायल और यूरोपियन देशों के सैन्य और व्यापारिक जहाजों को इस इलाके से गुजरने नहीं दिया जाएगा और युद्ध के समय ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य पर काबू करने का अधिकार होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के बाद अमेरिकी जहाज में आग लग गई।
ईरान
ईरान में कहां-कहां हुए हमले?
तेहरान में आज कई पुलिस थानों और सरकारी इमारतों पर हमले हुए। एक बड़े स्टेडियम को भी इजरायल ने निशाना बनाया। ऊर्जा मंत्री अब्बास अलीबादी ने कहा कि अमेरिकी-इजरायली हमलों से अलग-अलग हिस्सों में पानी और बिजली सुविधाओं को नुकसान हुआ है। इजरायल ने खोरमाबाद-बोरुजेर्ड एक्सप्रेसवे पर हमला किया, जिसमें 2 लोग घायल हुए। ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी का कहना है कि शनिवार से ईरान के 174 शहरों पर 1,332 हमले हुए।
कतर
अबू धाबी में ड्रोन हमले में 6 घायल
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के मीडिया कार्यालय ने बताया कि अबू धाबी के ऊपर रोके गए ड्रोन के मलबे से 6 लोग घायल हो गए हैं। इनमें पाकिस्तानी और नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। IRGC ने दावा किया है कि उसने कुवैत, बहरीन और UAE में 20 अमेरिकी ठिकानों को काफी नुकसान पहुंचाया है। दोहा के आसमान में भी धमाकों की कई आवाजें सुनी गईं। हालांकि, ड्रोन-मिसाइल के सीधे किसी लक्ष्य से टकराने की खबर नहीं है।
लेबनान
लेबनान में आज 8 की मौत, अब तक 77 मारे गए
इजरायल ने आज पूर्वी लेबनान के जाहले शहर के पास कार पर हमला किया, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कफर तेबनीत के पास एक गांव में हमले में एक ही परिवार के 4 लोग मारे गए। नबातियेह के एक गांव में 2 लोगों की मौत हुई। इस तरह आज लेबनान में 8 लोग मारे गए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक इजरायली हमलों में 77 लोग मारे गए हैं और 527 घायल हुए हैं।
भारत
भारत ने खामेनेई की हत्या पर जताया शोक
भारत ने ईरान के सुप्रीम लीडर आयातुल्लाह अली खामेनेई के निधन पर शोक जताया है। भारत सरकार की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने आज नई दिल्ली स्थित ईरान दूतावास में शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और खामेनेई को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युद्ध रोकने की अपील की और संवाद के माध्यम से तनाव को कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सैन्य संघर्ष से किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
तुर्की
ईरान बोला- तुर्की की ओर मिसाइल नहीं दागी
ईरान की सेना ने बयान जारी कर कहा कि तुर्की की ओर कोई भी मिसाइल नहीं दागी गई। दरअसल, बीते दिन तुर्की ने कहा था कि NATO ने ईरान की एक मिसाइल को मार गिराया, जो उसके हवाई क्षेत्र में आ रही थी। ईरानी सेना ने कहा, "ईरान की सेना पड़ोसी और दोस्त देश तुर्की की आजादी का सम्मान करती हैं और उस देश के इलाके की तरफ किसी भी मिसाइल लॉन्च से इनकार करती हैं।"
अजरबैजान
पहली बार अजरबैजान पर दागे गए ड्रोन
अजरबैजान ने कहा कि ईरान से दागे गए कई ड्रोन उसके इलाके में गिरे हैं, जिनमें से एक नखचिवन हवाई अड्डे की टर्मिनल बिल्डिंग पर गिरा और दूसरा शकराबाद गांव में एक स्कूल के पास गिरा। इन हमलों में 2 लोग घायल हुए हैं। ये पहली बार है, जब अजरबैजान पर कोई हमला हुआ है। अजरबैजान ने कहा कि उसके इलाके में हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। अजरबैजान ने ईरानी राजदूत को तलब किया है।
अन्य देश
अन्य देशों से जुड़े अहम घटनाक्रम भी जानिए
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि उन्होंने देश के सैन्य संसाधनों को मध्य-पूर्व में तैनात किया है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि इटली खाड़ी देशों को वायु रक्षा के लिए मदद भेजने की योजना बना रहा है। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर बात की। ब्रिटेन के रक्षा मंत्री साइप्रस जा रहे हैं। इटली, स्पेन, फ्रांस और नीदरलैंड भी साइप्रस में सैन्य तैनाती करने जा रहे हैं।