टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में इन बल्लेबाजों ने खेली हैं सबसे बड़ी पारियां
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले हमेशा से बेहद रोमांचक और दबाव से भरे रहे हैं। ऐसे बड़े मैचों में वही खिलाड़ी चमकते हैं जो दबाव को अवसर में बदलना जानते हैं। कई बल्लेबाजों ने सेमीफाइनल और फाइनल जैसे अहम मुकाबलों में शानदार पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई है और इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है। ऐसे में आइए नजर डालते हैं टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में खेली गई सबसे बड़ी पारियों पर।
#1
फिन एलन (100* रन, 2026 सेमीफाइनल बनाम दक्षिण अफ्रीका)
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज फिन एलन इस सूची में पहले स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने साल 2026 के टी-20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ केवल 33 गेंदों में ही शतक जड़ दिया। उनके बल्ले से 10 चौके और 8 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 303.03 की रही। एलन की पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने 170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में ही हासिल कर लिया।
#2
तिलकरत्ने दिलशान (96* रन, 2009 सेमीफाइनल बनाम वेस्टइंडीज)
टी-20 विश्व कप 2009 के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका क्रिकेट टीम का सामना वेस्टइंडीज से हुआ था। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 158/5 का स्कोर बनाया। तिलकरत्ने दिलशान ने 96* रन की पारी खेली थी और वह इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 57 गेंदों का सामना कर ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 168.42 की रही थी। श्रीलंका को 57 रन से जीत मिली थी।
#3
विराट कोहली (89* रन, 2016 सेमीफाइनल बनाम वेस्टइंडीज)
साल 2016 के टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल में विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 89* रन की पारी खेली थी। इस मुकाबले में वह नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए थे और उनके बल्ले से 11 चौके और 1 छक्का निकला था। उनकी स्ट्राइक रेट 189.36 की रही थी। भारत ने 192/2 का स्कोर बनाया था। हालांकि, कैरिबियाई टीम ने केवल 3 विकेट खोकर 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया था।
#4
एलेक्स हेल्स (86* रन, 2022 सेमीफाइनल बनाम भारत)
चौथे स्थान पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज एलेक्स हेल्स हैं। उन्होंने 2022 टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम के खिलाफ 86* रन की उम्दा पारी खेली थी। हेल्स ने 47 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 4 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 182.97 की रही थी। इंग्लैंड ने वो मुकाबला 10 विकेट से जीता था। टीम ने 169 रन का लक्ष्य 16 ओवर में हासिल कर लिया था।