ईरान ने तेल अवीव और जेरूसलम में दागी मिसाइलें, खाड़ी देशों में अमेरिकी दूतावासों पर हमला
क्या है खबर?
अमेरिका और इजरायल के साथ दो मोर्चों पर लड़ रहे ईरान ने गुरुवार तड़के इजरायल और खाड़ी देशों पर जोरदार हमला किया है। ईरान ने इजरायल के तेल अवीव और जेरूसलम सहित कई क्षेत्रों में मिसाइल दागी थी, जिसके बाद हवाई हमले का अलर्ट जारी हो गया। तत्काल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। इजरायली सेना ने कहा कि 7 घंटे तक हमलों में विराम के बाद ये हमले हुए हैं। उनकी वायु रक्षा प्रणालियां सक्रिय हैं।
हमला
कम से कम 40 मिसाइलें दागी
मीडिया रिपोर्ट्स ने ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के हवाले से कहा कि उन्होंने युद्ध के पांचवें दिन अमेरिकी और इजरायली ठिकानों पर लगभग 40 मिसाइलें दागीं हैं। IRGC ने सरकारी टीवी को दिए बयान में कहा कि "ऑपरेशन ऑनेस्ट प्रॉमिस 4" की 17वीं लहर उनके एयरोस्पेस बलों द्वारा अंजाम दी गई है। हालांकि, इजरायल ने इलाका खाली करा लिाय। इजरायल ने भी हमलों का जवाब दिया और दक्षिणी बेरूत में हिज़्बुल्लाह के गढ़ को निशाना बनाया।
युद्ध
लेबनान में इजरायल का हमला
ईरानी हमलों के बाद लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बेरूत के हवाई अड्डे के राजमार्ग पर इजरायली हमलों में तीन लोग मारे गए हैं। इजरायल-हिज्बुल्लाह के बीच लड़ाई के नवीनतम दौर में अब तक 72 लोग मारे गए हैं और 83,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। लेबनान में बेद्दावी फ़िलिस्तीनी शरणार्थी शिविर पर इजरायली हमले में दो लोग मारे गए हैं। तेहरान में भी सिलसिलेवार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। यहां वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय है।
हमला
कतर ने अमेरिका दूतावास के आसपास रहने वालों को निकाला
कतर के आंतरिक मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि एहतियात बरतते हुए दोहा में अमेरिकी दूतावास के पास रहने वाले निवासियों को अस्थायी रूप से निकाला जा रहा है। ईरानी मिसाइल और ड्रोन गतिविधि के कारण खाड़ी देशों के कई अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में अलर्ट, बंद और निकासी की स्थिति उत्पन्न हुई है। अमेरिकी विदेश विभाग ने भी खाड़ी देशों में फंसे अमेरिकी नागरिकों को निकालने के लिए चार्टर उड़ानें शुरू की है।
परीक्षण
अमेरिका ने भयानक मिसाइल का परीक्षण किया
ईरान के साथ युद्ध के बीच अमेरिका ने कैलिफोर्निया तट के पास प्रलयकारी मिसाइल का परीक्षण किया है। प्रक्षेपण परीक्षण कैलिफोर्निया तट से दूर वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से अपनी मिनुटमैन III अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का हुआ है। जीटी 254 नामक यह निहत्थी मिसाइल रात 11 बजे लॉन्च हुई और प्रशांत महासागर में हजारों मील की दूरी तय की है। मिनुटमैन III हिरोशिमा पर गिराए गए परमाणु बम से कहीं अधिक शक्तिशाली परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है।