सोनू सूद दुबई में फंसे यात्रियों को देंगे सुरक्षित घर, बोले- कोई शर्त नहीं; बस इंसानियत
क्या है खबर?
मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण दुबई में फंसे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अभिनेता सोनू सूद फिर मसीहा बनकर सामने आए हैं। उड़ानों में हो रही देरी के चलते हवाई अड्डों पर परेशान हो रहे मुसाफिरों की मदद के लिए एक वीडियो जारी कर सोनू सूद ने घोषणा की है कि जो भी यात्री दुबई में फंसे हुए हैं और जिनके पास ठहरने की जगह नहीं है, वे उन्हें सीधे मैसेज कर सकते हैं।
ऐलान
यात्रियों के लिए सहारा बने सोनू
एक्स पर सोनू ने ऐलान किया कि उनकी टीम उन लोगों के लिए मुफ्त आवास की व्यवस्था कर रही है, जो उड़ानों में व्यवधान और हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण दुबई में फंसे हैं। उन्होंने कहा, "यदि आप या आपका कोई जानने वाला ऐसा है, जिसके पास रुकने की कोई जगह नहीं है तो हम मुफ्त में सुरक्षित आवास दे रहे हैं। कोई राष्ट्रीयता नहीं, कोई शर्त नहीं, बस मानवता। जरूरत हो तो हमें इंस्टाग्राम पर सीधे मैसेज करें।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए सोनू सूद का वीडियो
War has left many travelers stranded in Dubai.
— sonu sood (@SonuSood) March 5, 2026
If you or someone you know has nowhere to stay, we are offering safe accommodation free of cost.
No nationality. No conditions. Just humanity.
DM us on Instagram if you need help.
@dugastaproperties
Please share so this reaches… pic.twitter.com/TDDr9st79M
बड़ी पहल
जब तक घर नहीं लौटते, रहना फ्री
वीडियो में सोनू ने कहा, "नमस्ते दोस्तों। चल रहे संकट की वजह से जो कोई भी दुबई में फंसा हुआ है, हम बस आपको यह बताना चाहते हैं कि आपके पास रहने के लिए जगह है। हम ये सुनिश्चित करेंगे कि आपको मुफ्त में रहने की सुविधा मिले। कृपया मुझे इंस्टाग्राम पर सीधे मैसेज कीजिए। हम ये सुनिश्चित करेंगे कि जब तक आप अपने देश वापस नहीं लौट जाते, तब तक आपको मुफ्त में ठहरने की जगह मिले।"
परेशानी
दुबई में आमजन और सितारे दोनों परेशान
दुबई में हवाई उड़ानों में आए व्यवधान से आम यात्रियों के साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग भी प्रभावित हुए।अभिनेत्री ईशा गुप्ता और सोनल चौहान ने पहले सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की थी कि वो शहर में फंसी हुई हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि ये दोनों ही अभिनेत्रियां अब सुरक्षित भारत लौट आई हैं। इसी बीच अब अपनी इस नई पहल के साथ सोनू ने फिर से अपनी मददगार छवि को और मजबूत किया है।