Page Loader
एनवीडिया ने शक्तिशाली AI सिस्टम का किया अनावरण, आनुवंशिक कोड पढ़ने में है सक्षम
एनवीडिया ने शक्तिशाली AI सिस्टम का किया अनावरण (तस्वीर: अनस्प्लैश)

एनवीडिया ने शक्तिशाली AI सिस्टम का किया अनावरण, आनुवंशिक कोड पढ़ने में है सक्षम

Feb 20, 2025
12:22 pm

क्या है खबर?

एनवीडिया ने आर्क इंस्टीट्यूट के साथ मिलकर एवो 2 नामक अब तक की सबसे बड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम पेश की है, जो आनुवंशिक कोड को पढ़ और डिजाइन कर सकती है। यह तकनीक बैक्टीरिया, पौधों और मनुष्यों सहित 128,000 जीवों के 9 लाख करोड़ आनुवंशिक डाटा से प्रशिक्षित है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि एवो 2 डाटा विश्लेषण की गति बढ़ाकर चिकित्सा और आनुवंशिकी में नई उपलब्धियां हासिल करने में मदद करेगी।

खासियत

स्तन कैंसर के जीन की सटीक पहचान संभव

परीक्षणों में एवो 2 ने स्तन कैंसर से जुड़े BRCA1 जीन में संभावित रूप से हानिकारक उत्परिवर्तनों में से 90 प्रतिशत की सटीक पहचान की। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तकनीक से सटीक चिकित्सा विकसित की जा सकती है, जिसमें जीन थेरेपी भी शामिल है, जो केवल विशिष्ट कोशिकाओं को लक्षित करेगी। यह मॉडल अमेजन के क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर 2,000 एनवीडिया H100 प्रोसेसर उपयोग करके विकसित किया गया है, जिससे जटिल जैविक अनुसंधान को गति देने में मदद मिलेगी।

खासियत

खेती और पर्यावरण संरक्षण में भी मिलेगी मदद

चिकित्सा क्षेत्र के अलावा, एवो 2 फसलों को जलवायु परिवर्तन के अनुकूल बनाने और प्रदूषण कम करने में भी मदद कर सकती है। इस परियोजना को एनवीडिया और 2021 में स्थापित गैर-लाभकारी आर्क इंस्टीट्यूट ने संयुक्त रूप से विकसित किया है, जिसकी फंडिंग करीब 5,600 करोड़ रुपये है। संस्थान स्टैनफोर्ड, यूसी बर्कले और यूसी सैन फ्रांसिस्को के साथ मिलकर काम कर रहा है। एवो 2 एनवीडिया के रिसर्च प्लेटफॉर्म के माध्यम से दुनियाभर के वैज्ञानिकों के लिए मुफ्त उपलब्ध होगी।