LOADING...
अंबेडकर विवाद को लेकर संसद में विपक्ष का प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका नीले कपड़े पहनकर पहुंचे
अंबेडकर मामले पर विपक्षी सांसदों ने संसद में प्रदर्शन किया (तस्वीर-एक्स/@INCIndia)

अंबेडकर विवाद को लेकर संसद में विपक्ष का प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका नीले कपड़े पहनकर पहुंचे

लेखन आबिद खान
Dec 19, 2024
12:17 pm

क्या है खबर?

संसद के शीतकालीन सत्र का आज 19वां दिन है। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह के बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पर दिए गए बयान को लेकर हंगामा जारी है। विपक्षी सांसदों ने नीले कपड़े पहनकर संसद के बाहर विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी नीले कपड़े पहनकर पहुंचे। हंगामे के बीच राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है।

माफी 

कांग्रेस बोली- गृह मंत्री माफी मांगे

INDIA गठबंधन के नेताओं ने संसद परिसर में बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा के सामने विरोध मार्च निकाला। विपक्ष ने राज्यसभा में बाबासाहेब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के लिए गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और इस्तीफा देने की मांग की। वहीं, विपक्ष के खिलाफ भाजपा के सांसदों ने भी संसद परिसर में अंबेडकर के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। भाजपा सांसदों ने कहा कांग्रेस लगातार बाबा साहेब का अपमान करती आ रही है।

पत्र

केजरीवाल ने नीतीश और नायडू को लिखा पत्र

अंबेडकर के मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने लिखा, "गृह मंत्री अमित शाह जी ने जो टिप्पणी की, उसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। उनका यह कहना कि आंबेडकर...आंबेडकर बोलना फैशन बन गया है, न केवल अपमानजनक है, बल्कि भाजपा की बाबासाहेब और संविधान के प्रति सोच को उजागर करता है। बाबा साहब को चाहने वाले भाजपा का समर्थन नहीं कर सकते।"

Advertisement

बयान

प्रियंका गांधी बोलीं- भाजपा अंबेडकर का सम्मान नहीं करती

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "आपने इनका (भाजपा) एक्स हैंडल देखा। इन्होंने बाबा साहेब की तस्वीर के साथ खिलवाड़ किया है। ये वही सोच है, जो बाबा साहेब की मूर्तियों के हाथ-पैर काट देते हैं। इन पर कौन भरोसा करेगा? ये लोग संविधान को खत्म नहीं करना चाहते, संविधान को बदलना नहीं चाहते तो ये क्या कर रहे है? एक आदर होना चाहिए, वो नहीं है। बाबा साहेब संविधान निर्माता हैं। उनके बारे में आप ऐसा कह रहे हैं।"

Advertisement

घायल

धक्का-मुक्की में भाजपा सांसद घायल

संसद परिसर में भाजपा और विपक्षी सांसदों में धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें भाजपा के सांसद मुकेश राजपूत और प्रताप सांरगी घायल हो गए हैं। प्रताप की आंख में चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने राहुल गांधी पर धक्का देने का आरोप लगाया है। वहीं, आरोपों पर राहुल गांधी ने कहा, "मैं अंदर जा रहा था, भाजपा सांसद मुझे धमका रहे थे। उन्होंने मुझे धक्का दिया, लेकिन धक्का-मुक्की से हमें कुछ होता नहीं है।"

शाह का बयान

शाह ने अंबेडकर को लेकर क्या कहा था?

17 दिसंबर को राज्यसभा में संविधान पर बहस का जवाब देते हुए शाह ने कहा था कि कांग्रेस अभी अंबेडकर-अंबेडकर का जाप कर रही है, इतना जाप अगर भगवान का कर लेते तो स्वर्ग चले जाते। शाह ने कहा, "कांग्रेस को अंबेडकर का नाम लेने की ज्यादा जरूरत है, लेकिन जनता सब जानती है कि उसका मकसद क्या है?" कांग्रेस ने इस बयान को अंबेडकर का अपमान बताया और मल्लिकार्जुन खड़गे ने शाह के इस्तीफे की मांग की।

Advertisement