LOADING...
'ओ रोमियो' में ऐसा क्या दिखा, जो भड़की हुसैन उस्तरा की बेटी ने ठाेक दिया केस?
'ओ रोमियो' रिलीज से पहले कानूनी पचड़े में फंसी (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@vishalrbhardwaj)

'ओ रोमियो' में ऐसा क्या दिखा, जो भड़की हुसैन उस्तरा की बेटी ने ठाेक दिया केस?

Feb 03, 2026
10:23 am

क्या है खबर?

मुंबई की गलियों में कभी जिसका नाम खौफ और रसूख का पर्याय था, आज उसी हुसैन उस्तरा की कहानी कानूनी दांव-पेंच में उलझ गई है। शाहिद कपूर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'ओ रोमियो: हुसैन उस्तरा' की रिलीज पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। सवाल ये है कि फिल्म में ऐसा क्या गलत दिखा दिया गया कि हुसैन उस्तरा की अपनी बेटी ही निर्माताओं के खिलाफ कोर्ट में खड़ी हो गई हैं? आइए पूरा मामला विस्तार से जान लें।

मांग

बेटी ने की फिल्म पर स्थाई रोक लगाने की मांग

रिलीज से ठीक पहले 'ओ रोमियो' एक बड़े कानूनी पचड़े में फंस गई है। मुंबई के अंडरवर्ल्ड का जाना-माना नाम रहे दिवंगत हुसैन उस्तरा की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सनोबर ने मुंबई के सिविल कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए फिल्म की रिलीज पर स्थाई रोक लगाने की मांग की है। सनोबर का आरोप है कि ये उनके पिता की एक 'अनधिकृत बायोपिक' है, जिसे परिवार की सहमति के बिना बनाया गया है।

आरोप

पैसों के लिए पिता की छवि बिगाड़ने का आरोप

मुकदमे के मुताबिक, 'ओ रोमियो' को केवल व्यावसायिक लाभ और पैसों की कमाई के लिए बनाया गया है। ये फिल्म हुसैन उस्तरा की जीवनी पर आधारित है, लेकिन इसे बनाने से पहले उनके कानूनी वारिसों (परिवार) से कोई अनुमति नहीं ली गई। सनोबर का कहना है कि बिना अनुमति के बनाई गई ये बायोपिक उनके पिता के जीवन का 'गलत और हानिकारक चित्रण' पेश करती है, जिसे वो किसी भी कीमत पर रिलीज नहीं होने देना चाहतीं।

Advertisement

निजी पीड़ा

'ओ रोमियो' को बताया परिवार की साख पर हमला

हुसैन उस्तरा की बेटी ने अपनी याचिका में न केवल कानूनी, बल्कि गहरे व्यक्तिगत सवाल भी उठाए हैं। वकील के जरिए कोर्ट में पेश की गई इस दलील ने मामले को और संवेदनशील बना दिया। सनोबर का तर्क है कि फिल्म उनके पिता को एक 'गैंगस्टर' के रूप में पेश करती है। उनका डर है कि अगर ये रिलीज हुई तो इससे उनकी और उनके बच्चों की प्रतिष्ठा को ऐसी चोट पहुंचेगी, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो पाएगी।

Advertisement

बअइब

गैंगस्टर नहीं, पर्दे के पीछे हीरो थे हुसैन उस्तरा?

सनोबर ने याचिका में बड़ा दावा किया है कि उनके पिता हुसैन उस्तरा ने मुंबई में अपराध रोकने के लिए खुफिया एजेंसियों और पुलिस की गुप्त मदद की थी। सनोबर का तर्क है कि जिस व्यक्ति ने देश की सुरक्षा में पर्दे के पीछे रहकर सहयोग दिया, उसे पर्दे पर खलनायक दिखाना सरासर गलत है। परिवार का आरोप है कि निर्माताओं ने केवल सनसनी और मुनाफे के लिए उनके पिता के सकारात्मक पक्ष को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है।

नोटिस

निर्माताओं को भेजा गया था कानूनी नोटिस

'ओ रोमियो' का टीजर रिलीज होने के बाद सनोबर शेख ने फिल्म के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजकर आरोप लगाया था कि विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके पिता का चित्रण गलत है। इसके बदले उन्होंने 2 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की थी। 'ओ रोमियो' में शाहिद की जोड़ी पहली बार तृप्ति डिमरी के साथ बनी है। ये फिल्म 13 फरवरी को रिलीज हो रही है। फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं।

Advertisement