
उपराष्ट्रपति धनखड़ का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- देश की छवि खराब करने की ठानी है
क्या है खबर?
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर जमकर हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने भारत की छवि धूमिल और कुंठित करने की ठान ली है। उनका ये बयान राहुल गांधी के ब्रिटिश सांसदों को संबोधन के दौरान दिए गए बयान के बाद आया है।
बता दें कि उपराष्ट्रपति ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में आयुर्वेद महाकुंभ को संबोधित करते हुए ये बात कही।
बयान
संसद में माइक बंद कर दिया जाता है, ये झूठ- उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोगों ने भारत की प्रतिष्ठा को कुंठित करने की ठान ली है।
उन्होंने कहा, "राज्यसभा में आज तक माइक बंद नहीं हुआ है। वे देश के बाहर जाकर कहते हैं कि संसद में माइक बंद कर दिया गया। इससे बड़ा झूठ और कुछ हो ही नहीं सकता। देश के अंदर या बाहर जो कोई भी ऐसा कहता है, वह देश का अपमान कर रहा है।"
अनादर
धनखड़ बोले- लोकतंत्र के मंदिर का अनादर होते नहीं देख सकते
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, "हम लोकतंत्र के मंदिरों का इस तरह अनादर होते हुए नहीं देख सकते। लोकतंत्र के मंदिर की मर्यादा को कम करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है। हम न केवल सबसे बड़े प्रजातंत्र हैं, हम लोकतंत्र की जननी भी हैं।"
धनखड़ ने कहा कि अब भारत की आवाज सुनी नहीं जाती है, बल्कि लोग इंतजार करते हैं कि भारत इस विषय पर क्या बोलेगा।
प्रतिक्रिया
दो दिन पहले भी राहुल गांधी के बयान पर बोले थे धनखड़
संसद में माइक बंद करने के बयान पर उपराष्ट्रपति धनखड़ ने दो दिन पहले भी राहुल गांधी पर निशाना साधा था।
उन्होंने कहा था, "अगर मैं इस मामले पर चुप रहा तो गलत पक्ष में रहूंगा। कोई भी राजनीतिक रणनीति या पक्षपातपूर्ण रुख हमारे राष्ट्रवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता करने को सही नहीं ठहरा सकता। मैं अगर इसपर चुप रहूंगा तो संविधान के गलत पक्ष में रहूंगा। यह मेरी शपथ का अपमान होगा।"
चीयरलीडर
कांग्रेस ने उपराष्ट्रपति को बताया था सरकार का चीयर लीडर
उपराष्ट्रपति धनखड़ के बयान पर कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि राज्यसभा के सभापति को अम्पायर की भूमिका में होना चाहिए, वह किसी सत्तारूढ़ व्यवस्था के चीयरलीडर नहीं हो सकते हैं।
उन्होंने कहा था, "भारत के उपराष्ट्रपति का कार्यालय संवैधानिक है। इसे संविधान ने राज्यसभा के अध्यक्ष होने की अतिरिक्त जिम्मेदारी प्रदान की है। ऐसे में उन्हें किसी भी राजनीतिक दल के प्रति झुकाव, किसी दल के प्रति पूर्वाग्रह से मुक्त होना चाहिए।"
राहुल का बयान
क्या बोले थे राहुल गांधी?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को लंदन में हाउस ऑफ पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स में ब्रिटिश सांसदों को संबोधित किया था।
इस दौरान उन्होंने कहा था, "हमारे यहां लोकसभा में अक्सर विपक्षी सदस्यों के माइक को बंद कर दिया जाता है। हमारे माइक खराब नहीं होते, वे काम करते हैं, लेकिन आप उन्हें चालू नहीं कर सकते। नोटबंदी, GST और चीनी सैनिकों के मुद्दों पर हमें संसद में चर्चा नहीं करने दी गई।"
राहुल की यात्रा
राहुल गांधी के हालिया बयानों से मचा है बवाल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ब्रिटेन के दौरे पर हैं। इस दौरान उनके बयानों को लेकर विवाद हो रहा है। कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में व्याख्यान के दौरान उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी भारत को बर्बाद कर रहे हैं और देश में लोकतंत्र खतरे में है।
उन्होंने कहा था, "भारत में मीडिया और न्यायपालिका नियंत्रण में है। मेरे फोन में पेगासस सॉफ्टवेयर था, जिसके जरिए मेरी जासूसी होती थी। खुफिया अधिकारियों ने मुझे बताया कि आपका फोन रिकॉर्ड हो रहा है।"