Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव: AAP की दूसरी सूची जारी, इस नई सीट से चुनाव लड़ेंगे मनीष सिसोदिया
AAP ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 20 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है

दिल्ली विधानसभा चुनाव: AAP की दूसरी सूची जारी, इस नई सीट से चुनाव लड़ेंगे मनीष सिसोदिया

लेखन आबिद खान
Dec 09, 2024
01:58 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भले न हुआ हो, लेकिन आम आदमी पार्टी (AAP) तैयारियों में जुट गई है। AAP ने आज अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें 20 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया हर बार पटपड़गंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्हें जंगपुरा सीट से मैदान में उतारा गया है।

टिकट

अवध ओझा को भी मिला टिकट

हाल ही में AAP में शामिल हुए शिक्षक अवध ओझा को पटपड़गंज सीट से टिकट दिया गया है। AAP ने नरेला से दिनेश भारद्वाज, तिमारपुर से सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू, आदर्श नगर से मुकेश गोयल, मुंडका से जसबीर कारला, मंगोलपुरी से राकेश जाटव धर्मरक्षक, रोहिणी प्रदीप मित्तल, चांदनी चौक से पुनरदीप सिंह साहनी (सेबी), पटेल नगर से प्रवेश रतन, मादीपुर से राखी बिडला, जनकपुरी से प्रवीण कुमार, बिजवासन से सुरेंद्र भारद्वाज और पालम से जोगिंदर सोलंकी को टिकट दिया है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें उम्मीदवारों के नाम

पहली सूची

पहली सूची में 11 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है AAP

21 नवंबर को AAP ने 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। तब पार्टी ने कांग्रेस या भाजपा छोड़कर AAP में आए 6 नेताओं को टिकट दिया था और 3 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए थे। दिल्ली की सबसे बड़ी विधानसभा मटियाला से पार्टी ने मौजूदा विधायक गुलाब सिंह का टिकट काटकर सोमेश शौकीन को उम्मीदवार बनाया है। किराड़ी से मौजूदा विधायक ऋतुराज झा को भी दोबारा मौका नहीं मिला है।

गठबंधन

अकेले चुनाव लड़ेगी AAP

पहले अटकलें थीं कि AAP लोकसभा की तरह विधानसभा चुनावों में भी किसी पार्टी से गठबंधन कर सकती है। हालांकि, 1 दिसंबर को AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली विधानसभा चुनाव AAP अकेले लड़ेगी और किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। इससे पहले राहुल गांधी की पहल के बावजूद हरियाणा में भी AAP और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं हो सका था और दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था।

चुनाव

दिल्ली में कब होना है विधानसभा चुनाव?

दिल्ली में अगले साल यानी 2025 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है। केजरीवाल ने चुनावों से पहले 'रेवड़ी पर चर्चा' अभियान भी शुरू किया है। केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी, बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त विश्व स्तरीय शिक्षा और मुफ्त दवा और इलाज का वादा किया है। पिछले विधानसभा चुनावों में AAP को 62, भाजपा को 8 और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।