Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव में अकेले उतरेगी AAP, किसी से नहीं होगा गठबंधन- केजरीवाल
AAP दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी (तस्वीर-एक्स/@AamAadmiParty)

दिल्ली विधानसभा चुनाव में अकेले उतरेगी AAP, किसी से नहीं होगा गठबंधन- केजरीवाल

लेखन आबिद खान
Dec 01, 2024
01:02 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का विधानसभा चुनाव AAP अकेले लड़ेगी और किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। इससे पहले भी AAP ने दिल्ली में किसी से गठबंधन नहीं करने के संकेत जरूर दिए थे, लेकिन अब केजरीवाल ने आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान कर दिया है।

भाजपा पर निशाना

केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा

दिल्ली में कानून व्यवस्था को लेकर केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "जब मुझे लगा कि दिल्ली में गैंगस्टर्स का राज हो गया है, खुलेआम गोलीबारी हो रही है तो मुझसे रहा नहीं गया। मैंने दिल्ली की स्थिति पर आवाज उठाई। पूरी दिल्ली में आज कारोबारी डर के माहौल में जी रहा है। रोजाना छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं। महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक खतरे में हैं। मैंने बढ़ते अपराध पर आवाज उठाई।"

हमला

अपने ऊपर हुए हमले को लेकर क्या बोले केजरीवाल?

30 नवंबर को ग्रेटर कैलाश इलाके में पदयात्रा के दौरान केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंका गया था। इस पर केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली की कानून व्यवस्था गृहमंत्री अमित शाह के पास है। मुझे लगा वो मेरी बात सुनकर कुछ कदम उठाएंगे और बदमाशों पर लगाम लगाएंगे। इसके बावजूद मुझ पर हमला किया गया। तरल पदार्थ फेंका गया, जो हानिरहित था, लेकिन हानिकारक भी हो सकता था।" AAP ने कल भी भाजपा पर हमले का आरोप लगाया था।

बयान

हरियाणा में नहीं हो सका था AAP-कांग्रेस गठबंधन

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी AAP और कांग्रेस का गठबंधन नहीं हो सका था। तब राहुल गांधी ने खुद गठबंधन की पहल की थी और दोनों पार्टियों के बीच कई दौर की वार्ता भी हुई थी, लेकिन अंत में सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। तब कहा गया था कि AAP 10 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी, लेकिन कांग्रेस केवल 3 सीटें देने पर राजी थी।

उम्मीदवार

AAP जारी कर चुकी है 11 उम्मीदवारों के नाम

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन AAP ने 11 उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं। केजरीवाल ने चुनावों से पहले 'रेवड़ी पर चर्चा' अभियान भी शुरू किया है। केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी, बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त विश्व स्तरीय शिक्षा और मुफ्त दवा और इलाज का वादा किया है।