Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव: AAP ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, 11 नामों का किया ऐलान
AAP ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची

दिल्ली विधानसभा चुनाव: AAP ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, 11 नामों का किया ऐलान

लेखन आबिद खान
Nov 21, 2024
01:36 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में विधानसभा चुनाव में अभी करीब 2 महीने बाकी हैं। चुनाव आयोग ने अभी तक तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें 11 प्रत्याशियों के नाम हैं। सूची में 6 नाम ऐसे हैं, जो हाल ही में कांग्रेस या भाजपा छोड़कर AAP में शामिल हुए हैं। बता दें कि दिल्ली में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

टिकट

किसे कहां से मिला टिकट?

AAP ने छतरपुर से ब्रह्मा सिंह तंवर, किराड़ी से अनिल झा, विश्वास नगर से दीपक सिंघला, रोहतास नगर से सरिता सिंह, लक्ष्मी नगर से बीबी त्यागी और बदरपुर से राम सिंह को टिकट दिया है। इसके अलावा सीलमपुर से जुबैर चौधरी, सीमापुरी से वीर सिंह धींगान, घोंडा से गौरव शर्मा, करावल नगर से मनोज त्यागी और मटियाला से सोमेश शौकीन को उम्मीदवार बनाया गया है। टिकट मिलने वाले 6 नेता पहले कांग्रेस या भाजपा में रह चुके हैं।

टिकट कटा

इन विधायकों का टिकट कटा

दिल्ली की सबसे बड़ी विधानसभा मटियाला से पार्टी ने मौजूदा विधायक गुलाब सिंह का टिकट काट दिया है। यहां से सोमेश शौकीन को उम्मीदवार घोषित किया गया है। किराड़ी सीटे से मौजूदा विधायक ऋतुराज झा को भी दोबारा मौका नहीं मिला है। भाजपा से AAP में आए अनिल झा यहां से उम्मीदवार हैं। सीलमपुर सीट से मौजूदा विधायक अब्दुल रहमान का टिकट भी कट गया है। कांग्रेस से AAP में शामिल हुए जुबेर चौधरी को यहां से मौका मिला है।