LOADING...
भारतीयों को करना पड़ रहा है आवश्यक पोषक तत्वों की कमी का सामना, अध्ययन का दावा

भारतीयों को करना पड़ रहा है आवश्यक पोषक तत्वों की कमी का सामना, अध्ययन का दावा

लेखन सयाली
Aug 30, 2024
01:02 pm

क्या है खबर?

हमारे द्वारा खाए गए भोजन के जरिए हमारे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं, जो हमें स्वस्थ रखते हैं। हालांकि, लैंसेट ग्लोबल हेल्थ जर्नल में प्रकाशित एक नए अध्ययन से सामने आया है कि भारत के लोगों को कई आवश्यक पोषक तत्वों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। अध्ययन के अनुसार, भारतीयों की डाइट में आयरन, कैल्शियम और फोलेट समेत स्वास्थ्य के लिए जरूरी पोषक तत्वों की पर्याप्त मात्रा नहीं है।

अध्ययन

दुनिया की 70 प्रतिशत आबादी में उजागर हुई पोषक तत्वों की कमी

यह 185 देशों में 15 पोषक तत्वों के अपर्याप्त सेवन का अनुमान लगाने वाला पहला शोध है, जिसकी टीम में अमेरिका के हारवर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ता भी शामिल थे। अध्ययन से पता चला कि वैश्विक आबादी के लगभग 70 प्रतिशत हिस्से में पर्याप्त आयोडीन, विटामिन E और कैल्शियम की कमी है। अध्ययन से उजागर हुआ कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं को आयोडीन, विटामिन B12 और आयरन की कमी का अधिक सामना करना पड़ता है।

परिणाम

भारतीय महिलाओं को आयोडीन और पुरुषों को है जिंक की कमी

अध्ययन के मुताबिक, भारतीय महिलाओं के खान-पान में आयोडीन की मात्रा बेहद कम होती है, वहीं महिलाओं की तुलना में भारतीय पुरुषों में जिंक और मैग्नीशियम की कमी सामने आई है। इस शोध से पता चलता है कि 10-30 वर्ष की आयु के व्यक्तियों को कैल्शियम की कमी का सबसे अधिक खतरा रहता है। यह समस्या विशेष रूप से दक्षिण एशिया, दक्षिण पूर्व एशिया और अफ्रीका जैसे क्षेत्रों में देखी गई है।

Advertisement

उद्देश्य

वैश्विक आहार डेटाबेस में उपलब्ध जानकारी के आधार पर हुआ शोध 

इस अध्ययन को पूरा करने के लिए वैश्विक आहार डेटाबेस के डेटा का उपयोग किया गया था। इसके जरिए ही वैश्विक आबादी के 99.3 प्रतिशत लोगों में पोषक तत्वों के अपर्याप्त सेवन का अनुमान लगाया गया था। शोधकर्ताओं के अनुसार, पोषक तत्वों की कमी से जुड़े पिछले अध्ययनों में कई पोषक तत्वों और जनसंख्या समूहों का डेटा उपलब्ध नहीं था। इस अध्ययन का उद्देश्य इन कमियों को पूरा करना था।

Advertisement

नतीजा

इस अध्ययन के जरिए दूर होंगी पोषण की कमी से होने वाली बीमारियां

शोधकर्ताओं का मानना है कि उनके इस अध्ययन के जरिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों को पोषक तत्वों की कमी को पूरा करने में मदद मिलेगी। लोगों की जरूरतों के आधार पर बनी पोषण संबंधी नीतियों को विकसित करने के लिए यह अध्ययन जरूरी साबित हो सकता है। इसमें उजागर हुई पोषक तत्वों की कमियों को दूर करने से संपूर्ण स्वास्थ्य में सुधार हो सकता है और खराब पोषण से संबंधित बीमारियां कम हो सकती है।

संतुलित आहार 

संतुलित आहार के सेवन से मिलेगी मदद

आप अपनी डाइट में जरूरी पोषक तत्वों की कमी को पूरा करने के लिए संतुलित आहार ले सकते हैं। यह एक ऐसी डाइट है, जिसमें विभिन्न प्रकार के भोजन शामिल होते हैं। इन भोजनों के जरिए शरीर को पर्याप्त मात्रा में सभी आवश्यक पोषक तत्व मिल जाते हैं। एक संतुलित आहार में कार्बोहाइड्रेट, लिपिड, विटामिन, खनिज, प्रोटीन, फाइबर और पानी जैसे आवश्यक घटक होते हैं।

Advertisement