काम के कारण बढ़ गया है तनाव? ये 5 सेल्फ केयर गतिविधियां दिमाग को करेंगी डिटॉक्स
क्या है खबर?
आज के समय में हर कोई काम-काज में व्यस्त रहता है, जिसके कारण तनाव बढ़ जाता है। ऐसे में दिमाग को आराम देने के लिए जरूरी है की आप थोड़ा समय अपने लिए निकालें। रोजाना कुछ देर सेल्फ केयर गतिविधियां करने से दिमाग डिटॉक्स हो जाता है। इससे तनाव कम होता है, खुशी में इजाफा होता है और मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ता है। आप मन की शांति के लिए रोजाना ये सेल्फ केयर गतिविधियां कर सकते हैं।
#1
कलर वाक पर जाएं
प्रकृति के बीच समय बिताना मन को शांत करने का बढ़िया तरीका है। हालांकि, साधारण सैर को मजेदार बनाने के लिए आप 'कलर वाक' पर जा सकते हैं। यह एक नया ट्रेंड है, जिसके तहत लोग सैर करते समय एक ही रंग की वस्तुओं को ढूंढने की कोशिश करते हैं। इसके लिए सैर करने से पहले एक रंग निर्धारित करें और चलते-चलते उस रंग की वस्तुओं को देखते रहें। इससे तनाव घटेगा, एकाग्रता व रचनात्मकता बढ़ेगी और मूड बेहतर होगा।
#2
जर्नलिंग करें
डायरी में अपने जीवन की यादों, ख्यालों और लोगों या घटनाओं से संबंधित भावनाओं के बारे में लिखने से मन शांत हो सकता है। इस सेल्फ केयर गतिविधि को जर्नलिंग कहते हैं, जो आपको रोजाना करनी चाहिए। आप हर सुबह डायरी में यह भी लिख सकते हैं कि आप किन चीजों के लिए आभारी हैं। यह गतिविधि भावनाओं को व्यवस्थित करने और बेहतर तरीके से समझने में मदद करती है। इससे याददाश्त तेज होती है और सकारात्मकता भी बढ़ती है।
#3
अपने लिए एक दिन निकालें
काम-काज के चलते खुद के लिए समय निकालना मुश्किल होता है। हालांकि, यह मानसिक स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद जरूरी है। एक पूरा दिन अपने लिए निकालें और उस दिन केवल वो काम करें, जो आपको खुशी देते हों। अपने मनपसंद कैफे जा कर अपनी पसंद का खाना खाएं या मसाज करवाकर राहत महसूस करें। इसके अलावा आप पार्लर जा कर त्वचा की देखभाल करवा सकते हैं, खरीदारी कर सकते हैं और डांस आदि करके मूड बेहतर कर सकते हैं।
#4
कुछ नया सीखें
हर किसी के मन में कोई न कोई ऐसी गतिविधि जरूर होती है, जो वे लंबे समय से करना चाह रहे होते हैं। हालांकि, व्यस्तता के कारण उसे करने का कभी मौका ही नहीं मिल पाता। ऐसे में अपनी छुट्टी वाले दिन उस गतिविधि को सीखने की योजना बना लें। इसके लिए आप पेशेवर से क्लास ले सकते हैं या वीडियो देखकर सीख सकते हैं। कुछ नया सीखने से रचनात्मकता व जिज्ञासा बढ़ती है और उपलब्धि भी महसूस होती है।
#5
रचनात्मक गतिविधियां अपनाएं
रचनात्मक गतिविधियां मन को शांत करने में मदद करती हैं। अपनी पसंद के गाने सुनना या उनपर नाचना खुशी बढ़ाने का बढ़िया तरीका होता है। वहीं पेंटिंग या ड्राइंग करने से एकाग्रता तो बढ़ती ही है, साथ ही सभी नकारात्मक ख्याल भी दूर हो जाते हैं। अगर आप कोई नई रचनात्मक गतिविधि अपनाना चाहते हैं तो बुनाई, क्राफ्टिंग, मूर्तिकला, क्रोशे और कहानियां लिखने पर विचार करें। अगर आप इनमें से एक भी गतिविधि करेंगे तो आपका दिमाग डिटॉक्स हो जाएगा।