बदलते मौसम में खाना चाहिए 'फायर हनी', जानिए इसे बनाने का तरीका और फायदे
क्या है खबर?
इन दिनों मौसम रोजाना बदलने लगा है, जिसके कारण कई लोग बुखार और जुखाम के शिकार हो रहे हैं। एक दिन कड़ी धूप और गर्मी होती है तो अगले ही दिन ठंडी हवाएं चलने लगती हैं।
बदलते मौसम के बीच कई लोग अपनी डाइट में एक नया खाद्य पदार्थ शामिल कर रहे हैं, जिसे फायर हनी कहा जाता है।
यह खाद्य पदार्थ शहद और मसालों को मिलाकर बनता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है।
विधि
जानिए फायर हनी बनाने की आसान रेसिपी
फायर हनी की रेसिपी बेहद आसान होती है और इसके लिए रसोई में मौजूद साधारण सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसके लिए आपको 150 मिली शहद, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच चिली फ्लेक्स, एक चम्मच अदरक का पेस्ट, एक चम्मच हल्दी, एक चम्मच दालचीनी पाउडर और एक चम्मच काली मिर्च का पाउडर चाहिए होगा।
एक बर्तन में सभी सामग्रियों को मिलाएं और इसे एक एयर टाइट डिब्बे में स्टोर कर लें।
डाइट
अपनी डाइट में फायर हनी को ऐसे करें शामिल
फायर हनी को आप एयर टाइट डिब्बे में भरकर और फ्रिज में रखकर लंबे समय तक इस्तेमाल कर सकते हैं।
आप रोजाना सुबह उठकर इसका चम्मच से सेवन कर सकते हैं या इसे गर्म पानी में मिलाकर पी सकते हैं।
अगर आपको हर्बल चाय पीना पसंद है तो इसे उसमें शामिल करके उसके पोषण लाभों को बढ़ाएं।
आप इसके स्वाद को बेहतर बनाने के लिए इसमें नींबू का रस भी शामिल कर सकते हैं।
फायदे
रोजाना फायर हनी खाने से होंगे ये फायदे
बदलते मौसम का असर सबसे पहले गले पर पड़ता है और खराश होने लगती है। हालांकि, रोजाना फायर हनी खाने से इस समस्या का निवारण हो सकता है।
इसमें मौजूद लाल और काली मिर्च बलगम को साफ करने में मदद करती हैं, जिससे सांस लेना आसान हो जाता है। साथ ही, इसमें इस्तेमाल होने वाली हल्दी और अदरक रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करती हैं।
फायर हनी खाने से पाचन स्वास्थ्य बेहतर होता है और चयापचय भी मजबूत होता है।
लौंग
शहद में लौंग मिलाकर खाना भी होता है लाभदायक
शहद में लौंग मिलाकर खाना भी सर्दी-जुखाम को मात देने का अच्छा प्राकृतिक और घरेलू उपचार हो सकता है। ये दोनों खाद्य पदार्थ कई पोषक तत्वों से लैस होते हैं और शरीर को फायदा पहुंचा सकते हैं।
इस मिश्रण के नियमित सेवन से गले की खराश दूर होती है, मुंह के छाले ठीक होते हैं, प्रतिरक्षा मजबूत होती है और पाचन भी बेहतर बनता है।
इसे बनाने के लिए 2 से 3 लौंग को पीसकर एक चम्मच शहद में मिलाएं।