Loading...
न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी भारतीय टीम, कप्तान गिल ने किया स्पष्ट
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरने की पुष्टि की है

न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी भारतीय टीम, कप्तान गिल ने किया स्पष्ट

Nov 17, 2026
11:18 am

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 19 नवंबर से वेलिंगटन में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच में भारतीय क्रिकेट टीम 4 तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेगी। कप्तान शुभमन गिल ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि टीम में 4 विशेषज्ञ तेज गेंदबाज होंगे या 3 विशेषज्ञों के साथ ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आकाश दीप और अंशुल कंबोज की बल्लेबाजी क्षमता उन्हें खिलाने का विकल्प देती है।

बयान

गिल ने क्या दिया बयान?

गिल ने पिच के मिजाज और वेलिंगटन की तेज हवाओं पर कहा, "पुराने मैचों के अनुसार यहां पहले 2 दिन अलग मैच होता है और अगले 3 दिन थोड़ा अलग होता है। हम निश्चित रूप से 4 तेज गेंदबाजी विकल्प चाहते हैं, लेकिन हम अभी तय कर रहे हैं कि वे कौन होंगे और हम हर पहलू को कवर करना चाहते हैं। हमने देखा है कि तीसरे, चौथे और 5वें दिन पुरानी गेंद से विकेट थोड़ा सपाट हो जाता है।"

योजना

तेज गेंदबाजों को लेकर क्या है योजना?

गिल ने आगे कहा, "हमें अपनी तेज गेंदबाजी इकाई में ऐसे गेंदबाज चाहिए जिनके पास गति हो और जो लगातार सही क्षेत्रों में गेंद डाल सकें। इसके साथ ही एक छोर से नियंत्रण रखने के लिए एक स्पिनर (रविंद्र जडेजा) होगा, क्योंकि तेज हवा के खिलाफ गेंदबाजी करना आसान नहीं होगा।"

उन्होंने कहा, "जो गेंदबाज हवा के खिलाफ गेंदबाजी कर रहा हो, उसकी भूमिका लगभग आधी रह जाती है, इसलिए हम सभी पहलुओं पर विचार कर रहे हैं।"

ADVERTISEMENT

मुकाबला

प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार के बीच मुकाबला

गेंदबाजों के चयन पर गिल ने कहा, "दूसरी पारी में एक पर स्पिनर के साथ हमें 2 ऐसे गेंदबाज चाहिए जो पिच पर गेंद पटक सकें और 135 से 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकें। कूकाबुरा गेंद पुरानी होने पर सीम उतनी हरकत नहीं करती, इसलिए आपको ऐसे लंबे और तेज गेंदबाजों की जरूरत होती है। गुरनूर बरार और प्रसिद्ध कृष्णा में से हमें जो भी 5 दिनों के लिए अधिक उपयोगी लगेगा, हम उसे चुनेंगे।"

ADVERTISEMENT

संयोजन

नंबर-8 के लिए क्या रहेगी भारत की योजना?

गिल की कप्तानी में टेस्ट मैचों में नंबर-8 पर हमेशा ऑलराउंडर या विकेटकीपर खेले हैं।

इस पर गिल ने कहा, "आदर्श रूप से हम 7 विशेषज्ञ बल्लेबाज देख रहे हैं। आकाश और अंशुल थोड़ी बल्लेबाजी कर सकते हैं और नीतीश रेड्डी एक प्रॉपर बल्लेबाज हैं। हम देखेंगे कि हमें किस संयोजन के साथ उतरना है।"

पिछले दौरे पर मिली 2-0 की हार पर उन्होंने कहा, "हमें वह दौरा याद है, इसलिए इस बार हम पूरी तैयारी से उतरना चाहते हैं।"

ADVERTISEMENT