शरद कपूर मामला: AICWA ने सलमान खान-सोनू सूद का जताया आभार, कहा- यही असली इंसानियत
क्या है खबर?
शरद कपूर अपनी खराब सेहत, आर्थिक तंगी और काम की कमी के कारण सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हाल ही में, उनका भावुक वीडियो देखने के बाद सलमान खान और सोनू सूद ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया। बताया जा रहा है कि सलमान ने शरद को आर्थिक मदद की पेशकश की है, जबकि सोनू उनकी मेडिकल मदद के लिए आगे आए हैं। अब ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सलमान और सोनू का आभार जताया है।
आभार
संगठन ने मदद के लिए दोनों काे धन्यवाद दिया
AICWA ने अपने बयान में कहा, "संगठन इस कठिन समय में वित्तीय मदद के साथ अभिनेता शरद कपूर का समर्थन करने के लिए आगे आने के लिए सलमान खान को हार्दिक धन्यवाद देता है।"
उन्होंने अभिनेता तक पहुंचने के लिए सोनू का आभार भी जताया।
खबर है कि सोनू ने शरद के लिए मेडिकल सहायता का इंतजाम किया है और एक परियोजना के लिए बात की जिससे वह काम पर दोबारा वापस आ सकें।
आग्रह
अन्य कलाकारों से मदद की अपील की
संगठन ने कहा कि शरद ने शाहरुख खान और ऋतिक रोशन समेत कई सितारों संग काम किया है। एक समय था जब उनकी डिमांड थी, लेकिन आज उन्हें मदद की जरूरत है।
सलमान और सोनू ने दिखाया है कि असली कलाकार जरूरत के समय अपने लोगों के साथ खड़े होते हैं। यह इंसानियत है, और यह हमारा फर्ज है।
AICWA ने सिनेमा के सफल कलाकारों से अपील की कि वह इस उदाहरण का पालन करे और मददगारों की सहायता करे।