अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने ट्रंप अधिकारियों को ईरान के निशाने पर बताया, 'डर्टी बम' का खुलासा
क्या है खबर?
अमेरिका की खुफिया एजेंसियों ने आशंका जताई है कि ईरान वाशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बना सकता है। CNN के मुताबिक, ईरान कथित 'डर्टी बम' या 'रासायनिक हथियार' से हमला करने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि खुफिया रिपोर्ट में ईरानी योजनाओं को हमले का सबूत नहीं माना गया है, बल्कि माना गया है कि ईरान हमले का विकल्प तैयार कर रहा है।
योजना
ट्रंप प्रशासन भी बना रहा योजना
खुफिया अधिकारियों के मुताबिक, ईरानी योजनाओं में खास जगहें और संभावित टारगेट शामिल थे। इसी वजह से पिछले हफ़्ते अमेरिका के सीनियर अधिकारियों ने इमरजेंसी प्लानिंग शुरू कर दी थी।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस का कहना है कि प्रशासन हालात पर करीब से नजर रख रहा है, लेकिन इस समय देश के लिए कोई खतरा नहीं है।
ट्रंप प्रशासन ने हाल में बैठक की है कि अगर ईरान देश में हमला करता है तो क्या जवाब दिया जाएगा।
योजना
ईरान की ताकत को लेकर अमेरिका में संशय
राष्ट्रपति ट्रंप कई मौकों पर यह मान चुके हैं कि ईरान के सभी प्रमुख नेता, अधिकारी, सेना और उनके बुनियादी ढांचे नष्ट हो चुके हैं और वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं।
हालांकि, अमेरिकी अधिकारी खुफिया रिपोर्ट के बाद चर्चा कर रही हैं कि क्या ईरान के पास इस तरह के ऑपरेशन की ताकत बची है या नहीं।
दूसरी तरफ, ईरान से जुड़े खतरों के कारण सीक्रेट सर्विस ने वित्त सचिव स्कॉट बेसेंट को मिलिट्री हाउसिंग में शिफ्ट कर दिया।
बम
क्या है डर्टी बम?
डर्टी बम एक नियमित विस्फोटक होता है, जैसे डायनामाइट, जिसमें रेडियोएक्टिव पाउडर या पेलेट होते हैं। धमाके से मटीरियल आस-पास फैल जाता है और इससे परमाणु धमाका नहीं होता।
परमाणु हथियार के मुकाबले डर्टी बम को असेंबल करना अधिक आसान है, क्योंकि इसमें पारंपरिक एक्सप्लोसिव को रेडियोएक्टिव मटीरियल के साथ मिलाया जाता है।
धमाके से इसके आसपास मौजूद लोगों को गंभीर चोटें लग सकती हैं और प्रॉपर्टी का नुकसान हो सकता है। रेडिएशन का तुरंत तेज असर होगा, प्रदूषण फैलेगा।