LOADING...
अशनूर कौर मुंहासों से निपटने के लिए पीती हैं यह काढ़ा, जिससे कम होती है सूजन

अशनूर कौर मुंहासों से निपटने के लिए पीती हैं यह काढ़ा, जिससे कम होती है सूजन

लेखन सयाली
Aug 26, 2025
06:46 pm

क्या है खबर?

अशनूर कौर टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री हैं, जो इन दिनों 'बिग बॉस 19' में नजर आ रही हैं। उन्होंने बतौर बाल कलाकार अपना करियर शुरू किए था और आज वह पूरे भारत में प्रसिद्ध हैं। बिग बॉस के हालिया एपिसोड में अशनूर ने एक पेय के बारे में बताया, जिसे पीकर ही उनके दिन की शुरुआत होती है। आइए इस पेय की रेसिपी पर नजर डालते हैं और इससे मिलने वाले फायदों के बारे में भी जानते हैं।

पेय

हार्मोनल असंतुलन को ठीक करने में मदद करता है यह काढ़ा

बिग बॉस के पहले एपिसोड के दौरान अशनूर एक खास पेय पीती दिखाई दीं। तभी उनके साथी प्रतियोगी आवेज दरबार ने उनसे सवाल किया कि वह क्या पी रही हैं। इसपर अशनूर ने जवाब दिया कि वह एलोवेरा जेल, जायफल और अदरक से बना काढ़ा पी रही हैं। उनके मुताबिक, इस काढ़े को डाइट का हिस्सा बनाने से उनके पेट की सूजन कम होती है। साथ ही इससे हार्मोनल असंतुलन और मुंहासों को ठीक करने में भी मदद मिलती है।

एलोवेरा जेल

एलोवेरा जेल कैसे होता है फायदेमंद?

एलोवेरा जेल का सेवन करने से पाचन तंत्र दुरुस्त होता है और सूजन कम करने में मदद मिलती है। इसकी मदद से पेट अच्छी तरह साफ होता है, जिसके परिणामस्वरूप सूजन घट जाती है। इसके अलावा इसे खान-पान में शामिल करने से आंतरिक स्वास्थ्य सुधरता है और शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इससे मुंहासों को कम करने में सहायता मिल जाती है। अध्ययनों से यह भी पता चला है कि एलोवेरा हार्मोनल असंतुलन को भी ठीक करता है।

जायफल

जायफल से मिलते हैं ये लाभ

जायफल एक प्रकार का मसाला है, जिसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं। इनकी मदद से यह खाद्य पदार्थ मुंहासों को ठीक करने में सक्षम हो पाता है। साथ ही यह यह पाचन एंजाइमों को उत्तेजित करता है, भोजन को बेहतर ढंग से पचाता है और गैस की परेशानी को कम करता है। हालांकि, मतिभ्रम जैसे संभावित गंभीर दुष्प्रभावों के कारण इसका ज्यादा मात्रा में सेवन नहीं करना चाहिए।

अदरक

अदरक का सेवन करने से होंगे ये फायदे

सभी जानते हैं कि अदरक का सेवन करने से पेट की सूजन कम होती है। इसके यौगिकों में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो पाचन को उत्तेजित करते हैं। इनकी मदद से गैस से राहत मिलती हैं और आंतों का स्वास्थ्य भी बेहतर हो जाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट मुंहासों के इलाज में मददगार साबित होते हैं। अदरक खाने से हार्मोनल असंतुलन भी ठीक हो सकता है और PCOS जैसी स्थितियों के इलाज में मदद मिल सकती है।