सोनिया गांधी ने आत्मकथा में 'आपातकाल' को बताया गलती, संजय गांधी पर दिया अहम बयान
क्या है खबर?
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की हाल ही में जारी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' ने देश के राजनीतिक हलकों में एक नई बहस छेड़ दी है। इस किताब में सोनिया ने भारतीय इतिहास के सबसे विवादास्पद अध्यायों में से एक 1975 के आपातकाल पर खुलकर अपनी बात रखी है। सोनिया ने आपातकाल को एक बड़ी भूल स्वीकार किया है, लेकिन साथ ही उन्होंने इसके कड़े क्रियान्वयन के लिए केवल संजय गांधी को जिम्मेदार मानने से इनकार किया।
खुलासा
सोनिया ने आपातकाल पर क्या लिखा?
सोनिया ने अपनी आत्मकथा और साक्षात्कार में कहा, "संजय गांधी को नियंत्रण में रखा जाता तो उसके बाद हुए भारी नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। हालांकि, जनता के मन में भले संजय का नाम आपातकाल का पर्याय बन चुका है, लेकिन वे अकेले इसके लिए जिम्मेदार नहीं थे। सरकार के भीतर मौजूद कई अन्य वरिष्ठ सहयोगियों और मंत्रियों ने भी इंदिरा गांधी पर आपातकाल लगाने और उसे कड़ाई से लागू करने का भारी दबाव बनाया था।"
विवाद
डिनर टेबल पर हुआ था राजीव और संजय का विवाद
किताब में एक बेहद दिलचस्प पारिवारिक घटना का जिक्र करते हुए सोनिया ने बताया कि आपातकाल की घोषणा से ठीक पहले उनके पति राजीव गांधी और उनके भाई संजय के बीच डाइनिंग टेबल पर तीखी बहस हुई थी।
उन्होंने कहा, "राजीव गांधी ने अपनी मां इंदिरा गांधी को सलाह दी थी कि वे आपातकाल लगाने के बजाय अगले चुनावों तक का इंतजार करें, लेकिन संजय का तर्क था कि विपक्ष उन्हें बर्बाद कर देगा, इसलिए उन्हें रोका जाना चाहिए।"
तनाव
राजीव और संजय की बहस ने पैदा कर दिया था पारिवारिक तनाव
सोनिया ने कहा, "इस गंभीर मतभेद ने परिवार के भीतर भारी तनाव पैदा कर दिया था, क्योंकि राजीव ने अपनी मां के सामने अपनी बात दृढ़ता से रखने की कोशिश की, लेकिन इंदिरा गांधी ने उस समय उनकी एक न सुनी।"
उन्होंने कहा, "मुझे हमेशा लगता है कि इंदिरा गांधी दिल से एक लोकतांत्रिक व्यक्ति थीं। आपातकाल के पूरे दौर में वे खुद भी अंदर से कभी सहज नहीं थीं। यह फैसला उनके दिलो-दिमाग पर भारी बोझ बन गया था।"
भावुकता
ऑपरेशन ब्लू स्टार और इंदिरा गांधी की हत्या के भावुक क्षण
सोनिया ने बताया कि 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' की तबाही की तस्वीरें इंदिरा गांधी को दिखाई गईं, तो उनकी आंखों से आंसू बह निकले थे और वे अंदर से टूट गई थीं।
सोनिया ने याद किया कि 31 अक्टूबर, 1984 को जब इंदिरा गांधी की उनके अंगरक्षकों ने हत्या की गई, तो शुरुआत में उसे दिवाली के पटाखे समझा गया था। जब वह बाहर आई तो उन्होंने अपनी सास के खून से लथपथ शरीर को अपनी बाहों में संभाला था।
पलटवार
भाजपा ने किया पलटवार
सोनिया की इस किताब के बाजार में आते ही राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केशवन् ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया इस संस्मरण के जरिए भारतीय लोकतंत्र को कुचलने वाले और मौलिक अधिकारों को निलंबित करने वाले एक दमनकारी काले कालखंड को "सफेद करने, उस पर शक्कर चढ़ाने और उसे सही ठहराने" का असफल प्रयास कर रही हैं।