अमेरिका-यूरोप समेत दुनियाभर में फैल रहा नया कोविड वैरिएंट PJ.2.1 कितना खतरनाक है?
क्या है खबर?
कोरोना वायरस एक बार फिर चर्चा में है। SARS-CoV-2 के बाद इसका नया वैरिएंट PJ.2.1 अमेरिका और यूरोप समेत कई देशों में फैल रहा है, जिसको लेकर चिंता सामने आने लगी है। इस नए वैरिएंट में वैज्ञानिकों की 2 चिंता है, जिसमें एक स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में आनुवंशिक बदलाव और दूसरा यह मानव कोशिकाओं में आसानी से प्रवेश करता है। यह वैरिएंट कितना खतरनाक है और भारत में इसको लेकर क्या तैयारी है? आइए, जानते हैं।
वायरस
क्या है कोविड का नया वैरिएंट PJ.2.1?
PJ.2.1 कोरोना कोई अलग वायरस नहीं, बल्कि पुराने ओमिक्रॉन वायरस का नया रूप है।
इसकी पहली पहचान 2 मई को कनाडा के ओंटारियो में हुई। आमतौर पर वायरस धीरे-धीरे बदलते हैं, लेकिन यह वैरिएंट एकसाथ कई बदलाव लाया है, जिसे सॉल्टेशन कहते हैं।
वायरस के स्पाइक (यानी कांटे) में 25 से ज्यादा बदलाव हुए हैं, जो हमारे शरीर की कोशिकाओं से चिपकते हैं।
इसके बदलाव (S:W452K) की वजह से वायरस शरीर की कोशिका के दरवाजे (ACE2) से मजबूत चिपकता है।
प्रसार
कहां तक फैला वायरस?
कनाडा के ओंटारियो में पाए जाने के बाद यह अमेरिका के न्यूयॉर्क, कैलिफोर्निया, न्यू जर्सी में फैला है। ओंटारियो में 20 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच 523 कोविड नमूनों में 25.2 प्रतिशत PJ.2.1 के थे।
यूरोप में यह स्पेन, फ्रांस, आयरलैंड, एशिया-पैसिफिक में सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इजरायल और लैटिन अमेरिका से आने वाले यात्रियों में भी मिला है।
यह 4 महाद्वीपों में फैल चुका है। वेस्टवाटर (सीवेज) सर्विलांस में भी पकड़ा जा रहा है।
खतरा
क्या ये पहले से खतरनाक है?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) कोरोना के नए वैरिएंट को 3 श्रेणी में रखता है, लेकिन JN.1 को खतरनाक वैरिएंट नहीं बताया गया है।
हालांकि, यह पहले के वायरस से तेजी से फैलता है। यह कुछ देशों में तेजी से बढ़ा है, लेकिन गंभीर बीमारी और मौत पहले के वैरिएंट से ज्यादा गंभीर होने का प्रमाण नहीं है।
इसके फैलने के तरीके और लक्षण भी पहले के कोरोना वायरस के वैरिएंट की तरह ही एकसमान हैं।
स्थिति
भारत को लेकर क्या स्थिति है?
अभी तक भारत में PJ.2.1 के पुष्ट केस का स्पष्ट जिक्र नहीं मिला है। भारत में INSACOG जैसी एजेंसियां लगातार सर्विलांस कर रही हैं।
वैश्विक यात्रा के कारण इसके आने की संभावना है, लेकिन फिलहाल कोई चिंताजनक फैलाव नहीं दिखा है और न ही हवाई अड्डों पर कोई अलर्ट जारी किया गया है।
भारत में पिछले संक्रमणों और टीकाकरण से अच्छी इम्युनिटी बताई जा रही है, इसलिए बड़े पैमाने पर गंभीर असर की संभावना कम मानी जा रही है।