
कौन हैं टीवी की मशहूर अदाकारा अशनूर कौर, जो 'बिग बॉस 19' में आ रहीं नजर?
क्या है खबर?
सलमान खान के लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस' का 19वां सीजन टीवी पर धमाल मचा रहा है। इस साल कई बेहतरीन प्रतियोगी घर के सदस्य बने हैं, जिनमें से अशनूर कौर का नाम चर्चा में है। वह इस सीजन बिग बॉस के घर में कदम रखने वाली पहली प्रतियोगी थीं, जो सबसे युवा भी हैं। महज 21 साल की उम्र में वह करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं। आइए जानते हैं अशनूर कौन हैं और उनका करियर कैसा रहा है।
बाल कलाकार
5 साल की उम्र में रखा टीवी इंडस्ट्री में कदम
अशनूर टीवी की जानी-मानी अदाकारा हैं, जिन्होनें बतौर बाल कलाकार अपने सफर की शुरुआत की थी। 5 साल की उम्र में वह अपने पहले शो 'झांसी की रानी' में नजर आई थीं। अपनी प्रतिभा के जरिए उन्होंने लोगों के दिलों में जगह बनाई और एक के बाद एक 7 सीरियल में बाल कलाकार के रूप में काम किया। अशनूर ने साथ निभाना साथिया, देवों के देव महादेव और ये रिश्ता क्या कहलाता है जैसे कई सीरियल में शानदार अभिनय किया।
करियर
इन सीरियल में निभाई है मुख्य भूमिका
बाल कलाकार के रूप में प्रशंसकों का प्यार पाने के बाद अशनूर ने कई सीरियल में मुख्य भूमिका भी निभाई। 2018 में वह 'पटियाला बेब्स' सीरियल में नजर आई थीं। इसके बाद 2021 में उनकी सीरीज 'द रिटर्न' ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अशनूर ने पढ़ाई पर ध्यान लगाने के लिए कुछ समय का ब्रेक भी लिया था। हालांकि, 2024 में शुरू हुए सीरियल 'सुमन इंदौरी' में शानदार वापसी करके वह सबकी चहीती बन गईं।
पढ़ाई
हमेशा से होनहार छात्रा रही हैं अशनूर
बाल कलाकारों के लिए करियर के साथ-साथ पढ़ाई पर ध्यान लगाना थोड़ा मुश्किल होता है। हालांकि, अशनूर को सिर्फ उनका अभिनय ही नहीं, बल्कि उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां भी खास बनाती हैं। अदाकारा ने खुद सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि उन्होंने 10वीं कक्षा में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। इतना ही नहीं, 12वीं कक्षा में भी उनके 94 प्रतिशत अंक आए थे। उन्होंने मुंबई के 'जय हिंद कॉलेज' से मास मीडिया में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है।
संपत्ति
कितनी है अशनूर की कुल संपत्ति?
रिपोर्ट्स के अनुसार, अशनूर की कुल संपत्ति लगभग 7-10 करोड़ रुपये है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने बचपन से लेकर आज तक कितनी मेहनत की होगी। वह कथित तौर पर अभिनय, सोशल मीडिया पोस्ट और विज्ञापनों के जरिए हर महीने लगभग 5 लाख रुपये और सालाना 80 लाख रुपये से अधिक कमाती हैं। 19 साल की उम्र में अशनूर ने अपना पहला घर खरीदा था। बता दें कि वह मनमर्जियां फिल्म में भी नजर आ चुकी हैं।
बिग बॉस
बनना चाहती हैं बिग बॉस की सबसे युवा विजेता
अशनूर को इससे पहले भी कई बार बिग बॉस में आने का आमंत्रण दिया गया था। हालांकि, तब वह इसके लिए तैयार नहीं थीं और सही समय का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने सलमान के आगे आत्मविश्वास से कहा कि वह इस शो की सबसे युवा विजेता बनने का इरादा लेकर आई हैं। हिना खान बिग बॉस का हिस्सा रह चुकी हैं और अशनूर के साथ काम भी कर चुकी हैं। इसीलिए, उन्होंने अशनूर का मार्गदर्शक किया था।