डिनो मोरिया ने शादी को बताया महज एक समझौता, बोले- प्यार और आजादी सबसे जरूरी
क्या है खबर?
अभिनेता डिनो मोरिया ने प्यार और शादी पर अपनी राय रखी है। उन्होंने शादी को एक समाज की बनाई व्यवस्था बताया। हालिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि हर किसी को प्यार करना चाहिए। उनके मुताबिक, प्यार सिर्फ पति-पत्नी या प्रेमी-प्रेमिका तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि परिवार और हर जीव से करना चाहिए। वो बोले कि हम इस धरती पर सिर्फ प्यार फैलाने के लिए आए हैं। डिनो ने साफ कहा कि शादी से ज्यादा प्यार और आजादी जरूरी है।
विचार
"जितना प्यार बांटेंगे, उतना मिलेगा"
पिंकविला से डिनो ने कहा, "सबसे प्यार कीजिए। अपने भाई से, बहन से, मां से, अपने पिता से, अपनी प्रेमिका से, अपने प्रेमी से, अपने पति से, अपनी पत्नी से और अपने पालतू से। प्यार बहुत अच्छी चीज है। आप जितना प्यार बांटेंगे, उतना ही प्यार आपको वापस मिलेगा। हर किसी को प्यार महसूस करना पसंद होता है। यहां तक कि जो लोग तकलीफ में हैं, उन्हें भी प्यार, अपनापन और किसी के गले लगने से मिलने वाला सुकून चाहिए।"
दो टूक
सिर्फ एक समझौता है शादी- डिनो
शादी पर अपने विचार साझा करते हुए डिनो ने कहा, "मेरे ख्याल से शादी सिर्फ एक मोहर या समझौता है, जिसमें 2 लोग अपनी बाकी जिंदगी साथ बिताने का वादा करते हैं। इसका असली मकसद साथ रहना और साथ-साथ बूढ़ा होना है। हालांकि, दोनों को अपनी अलग जिंदगी भी जीनी चाहिए और पूरी तरह एक-दूसरे पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। एक-दूसरे को जरूरी स्पेस देते हुए साथ आगे बढ़ना चाहिए और एक-दूसरे के बेहतरीन साथी बनना चाहिए।"
सलाह
डिनो ने बताया रिश्ते टूटने पर क्या करना चाहिए
डिनो का मानना है कि शादी महज एक सामाजिक व्यवस्था या कानूनी समझौता है, जिसमें 2 लोग साथ रहने का फैसला करते हैं। हालांकि, इस रिश्ते में एक-दूसरे को स्पेस देना और अपनी आजादी बनाए रखना भी जरूरी है।
उनके मुताबिक, अगर रिश्ते में कोई परेशानी आए तो उसे सुलझाने की कोशिश करनी चाहिए, लेकिन अगर बात न बने तो अलग हो जाना चाहिए, भले ही समाज इसे भी एक समस्या के तौर पर देखता हो।
निजी जिंदगी
बिपाशा से अफेयर, सीक्रेट रिलेशनशिप और पिता बनने की ख्वाहिश
डिनो की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने अब तक शादी नहीं की है और ना ही उनके बच्चे हैं।
वो बिपाशा बसु और फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी संग रिश्ते में रह चुके हैं। मार्च, 2025 में उन्होंने एक इंटरव्यू में रोमांटिक रिश्ते में होने का इशारा भी किया था, लेकिन पार्टनर का नाम नहीं बताया।
डिनो पहले पिता बनने की इच्छा भी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि वो पार्टनर के साथ परिवार बसाना चाहते हैं।