बच्चों की तरह बड़ों को भी करनी चाहिए कलरिंग, मिलते हैं ये 5 लाभ
क्या है खबर?
बच्चे रंग भरने वाली किताबों को पाकर बेहद खुश होते हैं और वे अपनी रचना को कागज पर उतारते हैं। हालांकि, यह गतिविधि केवल बच्चों ही नहीं, बल्कि बड़ों के भी अच्छी है।
इन दिनों बाजार में बड़ों के लिए कलरिंग बुक मिलने लगी हैं, जो मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित होती हैं। ऐसी किताबों में पैटर्न अक्सर तनाव कम करने और दिमाग को आराम देने के लिए बनाए जाते हैं।
बडों को कलरिंग करने से ये 5 लाभ मिलते हैं।
#1
तनाव होता है कम
कलरिंग आपको अपने तनावपूर्ण विचारों से ध्यान हटाने में मदद कर सकती है। इस मजेदार गतिविधि के जरिए शांति और विश्राम की भावना को बढ़ावा मिलता है।
जानकारों का कहना है कि इससे कोर्टिसोल के स्तर को कम करने और तनाव घटाने में भी मदद मिल सकती है। जब आप चित्रों में रंग भरते हैं तो आप केवल उनके विषय में सोचते हैं, जिससे खुशी की अनुभूति होती है।
#2
अच्छा होता है आपका मूड
चित्रों में रंग भरना एक बेहद रचनात्मक, मजेदार और आरामदायक गतिविधि है। इसकी मदद से आप अपने मन को शांत करके अपना मूड अच्छा कर सकते हैं।
यह गतिविधि शरीर में एंडोर्फिन हॉर्मोन को उत्तेजित करती है, जो हमारे मूड को सुधारता है और खुशी और कल्याण की भावनाओं को बढ़ावा देता है। साथ ही इससे आपको डोपामाइन और ऑक्सीटोसिन भी मिलता है।
सुबह के समय आप अपने मूड को अच्छा रखने के लिए ये स्वस्थ आदतें अपना सकते हैं।
#3
एकाग्रता में होता है सुधार
जटिल और पेचीदा चित्रों और पैटर्न में रंग भरने के लिए आपको अपना सारा ध्यान उन पर ही केंद्रित करना पड़ता है। ऐसे में आपकी एकाग्रता बढ़ती है और ध्यान नहीं भटकता।
जानकार कहते हैं कि इससे फोकस और ध्यान अवधि में सुधार करने में मदद मिलती है। अगर आप उन लोगों में से हैं, जो चीजों से जल्दी बोर हो जाते हैं और अधिक समय तक उन पर ध्यान नहीं दे पाते तो आप इस गतिविधि को जरूर अपनाएं।
#4
बढ़ती है रचनात्मकता
कलरिंग किसी भी उम्र के लोगों में रचनात्मकता और कल्पनाशीलता को प्रोत्साहित करने में मदद करती है। यह अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति का पता लगाने और रचनात्मकता को उजागर करने का एक आसान और मजेदार तरीका है।
सरल शब्दों में समझाएं तो अगर आप 2 लोगों को एक ही चित्र रंगने के लिए देते हैं तो दोनों अपनी-अपनी रचनात्मकता के आधार पर रंगों का चुनाव करते हैं।
इससे मालूम होता है कि सभी की सोचने की क्षमता भी भिन्न होती है।
जानकारी
नकारात्मक विचारों से ध्यान भटकाने में मिलती है मदद
कलरिंग करने से आपको नकारात्मक विचारों और चिंताओं से ध्यान भटकने में मदद मिल सकती है। यह गतिविधि मानसिक स्वास्थ्य को सुधारकर कुछ समय तक आपको तनाव से छुटकारा दिला सकती है।