Page Loader
घर की सजावट के लिए दीवार पर लगाएं इन 5 शैलियों वाली पेंटिंग, जोड़ेंगी कलात्मक स्पर्श 

घर की सजावट के लिए दीवार पर लगाएं इन 5 शैलियों वाली पेंटिंग, जोड़ेंगी कलात्मक स्पर्श 

लेखन सयाली
May 05, 2025
02:56 pm

क्या है खबर?

आम तौर पर लोग घर की सजावट करने के लिए इंटरनेट से प्रेरणा ले लेते हैं। हालांकि, ऐसा करने से घर में कोई नयापन नहीं रह जाता और व्यक्तित्व को दर्शाना संभव नहीं हो पता। इसके बजाय कला का सहारा लिया जा सकता है, जो घर के कोने-कोने में जान झोकने का काम करती है। आप अपने घर को सजाने के लिए दीवारों पर इन शैलियों वाली पेंटिंग लगा सकते हैं, जो एक कलात्मक स्पर्श जोड़ेंगी और सकारात्मकता लेकर आएंगी।

#1

मधुबनी पेंटिंग

मधुबनी पेंटिंग बिहार राज्य की पारंपरिक कला है, जो खास तौर पर मिथिला क्षेत्र में मशहूर है। इस पारंपरिक कला शैली में जीवंत रंगों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके जरिए पौराणिक, प्राकृतिक और सामाजिक विषयों को दर्शाने वाले चित्र तैयार किए जाते हैं, जो देखते ही बनते हैं। मधुबनी पेंटिंग को घर की दीवार पर लगाना न केवल उसकी सुंदरता को बढ़ाएगा, बल्कि आपके कमरे को जीवंत रंगों से भी भर देगा।

#2

मंडला

मंडला यानि मंडल कला आज के समय में पूरी दुनिया में मशहूर हो चुकी है। इस शब्द का संस्कृत में मतलब होता है 'चक्र', जो जीवन के सभी पहलुओं का प्रतिनिधित्व करने वाला एक आध्यात्मिक प्रतीक है। इसमें गोल चक्र बनाया जाता है और इसके अंदर व बाहर कलाकृतियां उकेरी जाती हैं। आप अपने घर को सजाने के लिए सीधे दीवार पर मंडला बना सकते हैं या इस कला वाली पेंटिंग लटका सकते हैं।

#3

ऐबस्ट्रैक्ट पेंटिंग 

ऐबस्ट्रैक्ट पेंटिंग कला की वह शैली है, जिसमें रंगों और आकारों के जरिए भावनाओं और कल्पना को व्यक्त किया जाता है। इस तरह की कला में कोई चेहरा, वस्तु या जीव-जंतु नहीं बनाए जाते हैं। इसमें पेंट ब्रश को कैनवास पर इस तरह घुमाया जाता है कि कोई भी सुंदर दिखने वाला आकार बन जाए। अलग-अलग रंगों वाली ऐबस्ट्रैक्ट पेंटिंग लेकर उन्हें अलग-अलग आकार के फ्रेम में लगवाएं और व्यवस्थित तरीके से दीवार पर टांग दें।

#4

वाल म्यूरल्स 

दीवार भित्ति चित्र यानि वाल म्यूरल्स बड़े पैमाने पर बनाई गई ग्राफिक कला होती हैं। इन बड़ी कलाकृतियों को सीधे दीवार पर पेंट करके बनाया जाता है या चिपकाया जाता है। आप अपने पसंद की शैली या तस्वीर को घर की किसी एक दीवार पर पेंट कर सकते हैं। वाल म्यूरल्स कमरे को बड़ा और रंगीन दिखाएंगी, एक कलात्मक स्पर्श जोड़ देंगी और सुंदरता में भी चार चांद लगा देंगी।

#5

टेक्सचर वाली पेंटिंग

आज कल लोगों को टेक्सचर वाली पेंटिंग बहुत पसंद आ रही हैं। इस तरह की पेंटिंग में एक 3D इफेक्ट मिलता है और इनमें टेक्सचर यानि किसी प्रकार की बनावट जोड़ी जाती है। उदाहरण के लिए, ग्लू और रस्सी का इस्तेमाल करके कैनवास पर उभरी हुई धारियां बनाना। आप इस तरह की पेंटिंग को आसानी से घर पर ही बना सकते हैं, जिसके लिए टिश्यू पेपर, कपड़ों या अन्य चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है।