गर्मियों में वजन घटाना चाहते हैं तो अपनी दिनचर्या में शामिल करें ये 5 एक्सरसाइज
क्या है खबर?
अगर आपको लगता है कि वजन घटाने के लिए जिम जाना जरूरी है तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है।
कम वसा और फाइबर से भरपूर खान-पान के साथ कुछ सरल एक्सरसाइज के जरिए भी वजन को नियंत्रित किया जा सकता है।
आइए आज हम आपको कुछ ऐसी मजेदार एक्सरसाइज के बारे में बताते हैं, जिन्हें आप गर्मियों में रोजाना 30 मिनट भी करते हैं तो महज 3 महीने के अंदर आपको खुद में काफी बदलाव देखने को मिल सकता है।
#1
स्विमिंग
शरीर में मौजूद अतिरिक्त चर्बी को कम करने में स्विमिंग सबसे प्रभावी एक्सरसाइज में से एक है।
अध्ययनों के मुताबिक, अगर आप रोजाना 30 मिनट के लिए स्विमिंग करते हैं तो इससे लगभग 440 कैलोरी कम हो जाती है और इससे बढ़ते वजन को नियंत्रित करना आसान हो जाता है।
इसके अलावा रोजाना स्विमिंग करने से हृदय और फेफड़ों की कार्यक्षमता में भी सुधार होता है, जिसके परिणामस्वरूप हृदय रोग और श्वसन संबंधी बीमारियों से दूरी बनी रहती है।
#2
दौड़ना
रोजाना कुछ मिनट दौड़ने से शरीर के वजन, दूरी, गति और समय के आधार पर 500 से अधिक कैलोरी बर्न करने में सहायक साबित हो सकती है।
इस एक्सरसाइज को शुरू करने के लिए सबसे पहले एक मिनट के लिए 8 मील प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़े, फिर 10 सेकंड के लिए 12-14 मील प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ें और इसे 30 मिनट तक दोहराएं।
यहां जानिए ट्रेडमिल पर दौड़ने का सही तरीका।
#3
रस्सी कूदना
हर दिन 20-25 मिनट तक रस्सी कूदने से शरीर को कई तरह के स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं।
खासकर, अगर आप वजन घटाने के लिए रोजाना एक्सरसाइज कर रहे हैं तो यह आपकी रोजाना 241 कैलोरी बर्न कर सकती है।
इस एक्सरसाइज को करने के लिए जमीन पर सीधे खड़े होएं और रस्सी के किनारों को पकड़ें, पिर अपने हाथों को कूल्हे के सामान रखें। इसके बाद रस्सी को घुमाएं और एक ही समय में दोनों पैरों से कूदें।
#4
साइकिलिंग
अगर आप रोजाना कुछ मिनट साइकिलिंग करते हैं तो इससे न सिर्फ वजन घटाने, बल्कि पैरों की मासंपेशियों को मजबूती भी मिल सकती है।
रोजाना 30 मिनट तक इस एक्सरसाइज को करने से 300 से ज्यादा कैलोरी बर्न हो सकती है।
इसके अलावा विभिन्न अध्ययनों में पाया गया है कि नियमित रूप से साइकिल चलाने वाले दूसरों की तुलना में काफी कम तनाव और अवसाद के शिकार होते हैं।
यहां जानिए साइकिलिंग के अन्य स्वास्थ्य लाभ।
#5
डांस
रोजाना कुछ मिनट डांस करने से कैलोरी को जलाने और मेटाबॉलिज्म के स्तर को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।
इससे न सिर्फ वजन कम हो सकता है, बल्कि कई तरह के अन्य स्वास्थ्य लाभ भी मिल सकते हैं।
लाभ के लिए जुम्बा, हिप हॉप, बेली डांस, साल्सा और फ्री स्टाइल जैसे डांस के प्रकार का अभ्यास करें।
यहां जानिए तेजी से वजन घटाने वाले डांस स्टाइल।