Page Loader
आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद कर सकते हैं ये फल, डाइट में जरूर करें शामिल
आंखों की रोशनी को तेज करने वाले फल

आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद कर सकते हैं ये फल, डाइट में जरूर करें शामिल

लेखन अंजली
Jun 09, 2023
02:14 pm

क्या है खबर?

आज के तेजी से बदलते परिवेश में लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर से मोबाइल और लैपटॉप जैसे आधुनिक उपकरणों का अधिक इस्तेमाल आंखों की रोशनी पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। इसके अलावा भरपूर पोषण न मिलने से भी आंखों की रोशनी प्रभावित होती है। आइए आज हम आपको 5 ऐसे फलों के बारे में बताते हैं, जिनका सेवन आंखों को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।

#1

संतरा

आंखों की छोटी-मोटी समस्याओं से छुटकारा दिलाने में संतरा काफी कारगर साबित हो सकता है। यह विटामिन-C का अच्छा स्रोत है, जो आंखों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ आंख संबंधी समस्याएं जैसे मोतियाबिंद के जोखिम को कम करने का काम करता है। इसके अलावा, संतरे के सेवन से बढ़ती उम्र में भी आपकी आंखों की रोशनी प्रभावित होने से बच सकती है। इसलिए इसे डाइट में जरूर शामिल करें।

#2

खुबानी

खुबानी में विटामिन-A और विटामिन-E की भरपूर मात्रा होती हैं। ये दोनों गुण आंखों की रोशनी को तेज करने में काफी मदद कर सकते हैं, जबकि खुबानी में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स आंखों को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचा सकते हैं। खुबानी में मौजूद कैरोटीनॉयड आंखों को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और अन्य हानिकारक संक्रमणों से सुरक्षित रखने में भी सहायक हैं। इस वजह से खुबानी को आंखों के स्वास्थ्य के लिए अच्छा फल माना जाता है।

#3

पपीता

खनिजों, एंटी-ऑक्सिडेंट और एंजाइमों से भरपूर पपीता भी आंखों के लिए लाभदायक फल है। इसमें मौजूद विटामिन-A और कैरोटिनॉइड आधुनिक उपकरणों की नीले रोशनी से आंखों का बचाव करने में मदद कर सकते है। ऐसे में अगर आप अपनी आंखों को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो इसके लिए रोजाना एक कटोरी पपीते का सेवन जरूर करें। घर पर कच्चे पपीते को पकाने के लिए इन तरीकों को अपनाएं।

#4

आम

आम में मौजूद विटामिन-A और बीटा कैरोटीन आंखों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और दृष्टि में सुधार करने में मदद कर सकते हैं। बोस्टन के एक अध्ययन के अनुसार, क्रिप्टोक्सैंथिन (आम में एक प्रकार का कैरोटीनॉयड) उम्र से संबंधित आंखों की समस्याओं को कम करने में लाभदायक है। इसके अतिरिक्त आम का सेवन हृदय, पाचन क्रिया और इम्युनिटी के लिए भी लाभदायक माना जाता है। गर्मियों में आम के इन 5 व्यंजनों को ट्राई करें।

#5

ब्लूबेरी

ब्लूबेरी में मौजूद एंथोसायनिन जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद है और यह रेटिनल (रेटिना आंख का एक हिस्सा है) रोगों को कम कर सकता है। एंथोसायनिन में एंटी-डायबिटिक गुण पाए जाते हैं, जो खून में मौजूद शुगर को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा ब्लूबेरी को पॉलीफेनॉल्स का अच्छा स्रोत माना गया है। पॉलीफेनॉल्स हृदय संबंधी समस्याओं से सुरक्षा करने में मददगार होते हैं। इन 5 ब्लूबेरी व्यंजनों की रेसिपी को भी अजमाएं।