जैक डॉर्सी करने जा रहे 10 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी, जानिए क्या है इसकी वजह
क्या है खबर?
ट्विटर के सह-संस्थापक रहे जैक डॉर्सी की तकनीकी कंपनी ब्लॉक ने अपने कारोबार में बदलाव लाने के उद्देश्य से प्रदर्शन समीक्षा के दौरान 10 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बनाई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी ने सैकड़ों कर्मचारियों को सूचित कर दिया है कि वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा के दौरान उनकी नौकरी जा सकती है। यह भी बताया गया है कि नवंबर, 2025 के अंत तक कंपनी में 11,000 कर्मचारी कार्यरत थे।
कारण
इस वजह से हटाए जा रहे कर्मचारी
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, 2024 से कंपनी अपने कारोबार मॉडल और कर्मचारियों में बदलाव कर रही है। साथ ही रिपोर्टिंग व्यवस्था को पुनर्गठित कर अधिक कुशलता से संचालन करने की योजना बना रही है। इससे पहले मार्च, 2025 में भी डॉर्सी की ब्लॉक ने 931 नौकरियों में कटौती की थी। इससे स्क्वायर, कैशऐप और टाइडल सहित इसके व्यापक रूप से उपयोग किए जाने वाले प्लेटफाॅर्म्स पर कार्यरत कर्मचारी प्रभावित हुए थे।
योजना
क्या है कंपनी की आगामी योजना?
2009 में स्क्वायर के रूप में स्थापित ब्लॉक एक भुगतान प्रोसेसर से विकसित होकर फिनटेक कंपनी बन गई है, जो पीयर-टू-पीयर ट्रांसफर, मर्चेंट सेवाएं और उपभोक्ता ऋण जैसी सेवाएं प्रदान करती है। रिपोर्ट में बताया है कि कंपनी पीयर-टू-पीयर पेमेंट प्लेटफॉर्म कैश ऐप को अपनी व्यापारी-केंद्रित सेवा स्क्वायर के साथ एकीकृत करने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही बिटकॉइन माइनिंग कारोबार प्रोटो और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल गूज जैसी अन्य पहलों को भी आगे बढ़ा रही है।