Page Loader
इंसानों की तरह बोलना सीख जाते हैं ये 5 बुद्धिमान पक्षी, पालने के लिए रहेंगे बहतरीन 

इंसानों की तरह बोलना सीख जाते हैं ये 5 बुद्धिमान पक्षी, पालने के लिए रहेंगे बहतरीन 

लेखन सयाली
May 18, 2025
03:25 pm

क्या है खबर?

जब भी बोलने वाले पक्षियों की बात आती हैं, सभी के मन में पहला नाम तोते का ही आता है। हालांकि, इस पक्षी की कई ऐसी प्रजातियां हैं, जिनमें इंसानों की तरह बोलना सीखने की क्षमता होती है। ये पक्षी बेहद बुद्धिमान होते हैं और इन्हें पालतू जानवर बनाना एक अच्छा निर्णय हो सकता है। ये अपने मालिक के साथ एक गहरा रिश्ता बना लेते हैं और अपनी मासूमियत और चंचलता के जरिए उनके जीवन में खुशियां भर देते हैं।

#1

कॉकाटील

कॉकाटील एक मध्यम आकार का तोता होता है, जो ऑस्ट्रेलिया में पाए जाने वाले कॉकटू परिवार का सदस्य है। इन पक्षियों का स्वाभाव बेहद शांत होता है और ये तेजी से सीटी बजा लेते हैं। ये तोते की तरह बिलकुल साफ तो नहीं बोल पाते हैं, लेकिन मधुर ध्वनि निकालने में माहिर होते हैं। सही प्रशिक्षण के साथ कॉकाटील कई शब्द और वाक्य सीख सकते हैं। मादा की तुलना में नर ज्यादा साफ बोल लेते हैं और बातूनी होते हैं।

#2

बजरीगर

बजरीगर ऑस्ट्रेलिया में पाया जाने वाला एक छोटा और लंबी पूंछ वाला तोता होता है। यह प्रजाति हरे और पीले रंग की होती है, जिसकी गर्दन, पीठ और पंखों पर काले निशान बने होते हैं। ये पक्षी मिलनसार, सक्रीय और बातूनी स्वस्भाव के होते हैं। इन्हें इंसानों से बात करना पसंद होता है और ये शब्दों, ध्वनियों और गानों की नकल करना पसंद करते हैं। अगर इन्हें सही प्रशिक्षण दिया जाए तो ये 100 से ज्यादा शब्द सीख सकते हैं।

#3

एक्लेक्टस तोता

एक्लेक्टस तोते की एक प्रजाति है, जो मालुकु द्वीप समूह में पाई जाती है। नर एक्लेक्टस के पंख अधिकतर चमकीले हरे रंग के होते हैं, वहीं मादा के पंख चटख लाल या बैंगनी रंग के होते हैं। इन पक्षियों को बात करना बहुत पसंद होता है और धैर्य के साथ ये कई तरह के शब्द और वाक्यांश सीख सकते हैं। एक्लेक्टस तोते की अन्य प्रजातियों की तुलना में शांत होते हैं, इसलिए ये शांति पसंद लोगों के लिए सही हैं।

#4

काकातुआ

काकातुआ ऑस्ट्रेलिया और उसके आसपास के द्वीपों में पाए जाने वाली तोते की प्रजाति है। इस पक्षी की कई अलग-अलग किस्में हैं, जैसे सफेद, काले, पीले सिर वाले, गुलाबी सिर वाले और गलाह आदि। ये ज्यादा बात नहीं करते हैं, लेकिन ये कई तरह के शब्द और आवाजें निकालना सीखने में सक्षम होते हैं। इन पक्षियों को अपने मालिक के साथ समय बिताना बहुत पसंद होता है और ये अपनी आवाज के जरिए उनसे बात करने की कोशिश करते हैं।

#5

मैना

मैना दक्षिण एशियाई पक्षी हैं, जो मुख्य रूप से भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और म्यांमार में पाई जाती हैं। ये सबसे सामाजिक और बातूनी पक्षियों में से एक हैं, जो कई तरह की आवाजें, शब्द और यहां तक कि धुनें सीखने में सक्षम होती हैं। मैना अपनी नकल करने की प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं और अच्छी तरह से इंसानों की आवाजों की नकल उतार लेती हैं। इनका दिमाग तेज होता है, जिस कारण ये नई चीजें सीख लेती हैं।