जानिए कैसे ईरान-अमेरिका संघर्ष का IPL 2026 पर पड़ सकता है असर
क्या है खबर?
ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष का असर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 पर भी पड़ सकता है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण यात्रा व्यवस्था पहले ही प्रभावित हो चुकी है। टी-20 विश्व कप 2026 में भाग लेने वाली कई टीमों को भी दिक्कत हुई है। खिलाड़ियों को लेकर जाने वाली उड़ानें देर से रवाना हुईं, क्योंकि दुबई और दोहा जैसे पारगमन केंद्रों ने सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था।
मार्च
28 मार्च को होगा IPL का आगाज
11 मार्च को IPL 2026 के पहले चरण के कार्यक्रम की घोषणा की गई। इसकी शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मुकाबले से होगी। शेष मैचों का कार्यक्रम बाद में जारी होगा, क्योंकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों से किसी प्रकार का टकराव नहीं चाहता। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ता संघर्ष भी कार्यक्रम को प्रभावित कर सकता है।
परेशानी
खिलाड़ियों को हो रही परेशानी
पश्चिम एशिया में तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर साफ दिखाई देने लगा है। दोहा और दुबई जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण कई प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके चलते दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की अपने देश वापसी में एक सप्ताह से अधिक की देरी हो गई है। अभी तक वह वापस नहीं गए हैं। एक टीम के अधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों को समय पर भारत वापस लाना काफी मुश्किल काम होगा।
रसोई गैस
भारत में देखने को मिल रहा युद्ध का असर
ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष का असर भारत में दिखाई देने लगा है। कई राज्यों में रसोई गैस की कमी हुई है। इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू कर घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति निर्बाध रखने का निर्णय लिया है। वहीं, चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथ को उम्मीद है कि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी इन चुनौतियों के बावजूद टीम के पहले मुकाबले से पहले जुड़ जाएंगे।
चरण
28 मार्च से 12 अप्रैल तक खेला जाएगा पहला चरण
IPL 2026 का पहला चरण 28 मार्च, 2026 से 12 अप्रैल, 2026 तक खेला जाएगा। इस दौरान 3 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल घोषित किया जाएगा। पहले चरण के कुल 20 मैच बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद में खेले जाने हैं। दोपहर के मैच 03:30 बजे से और शाम के मैच 07:30 बजे से शुरू होंगे।