शेयर बाजार: 4 दिन में सेंसेक्स 3,000 अंक लुढ़का, क्या है गिरावट की वजहें?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज भी बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ देर बाद सेंसेक्स 1,000 अंक गिर गया, जबकि निफ्टी 50 300 अंक से ज्यादा गिरकर 23,550 के करीब आ गया। बीते 4 कारोबारी दिनों में सेंसेक्स करीब 3,000 अंक लुढ़क चुका है। लगातार बिकवाली के कारण निवेशकों की संपत्ति भी तेजी से घटी है। BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप घटकर लगभग 436 लाख करोड़ रुपये रह गया है।
#1
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर
शेयर बाजार में गिरावट की बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी है। मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है। भारत अपनी जरूरत का लगभग 90 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है। इसलिए तेल की कीमत बढ़ने से देश का आयात बिल बढ़ता है और अर्थव्यवस्था पर दबाव पड़ता है।
#2
रुपये की कमजोरी और विदेशी बिकवाली
बाजार में गिरावट की दूसरी वजह रुपये की कमजोरी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली है। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले करीब 92.32 तक फिसल गया। रुपये के कमजोर होने से विदेशी निवेशकों का रिटर्न घट जाता है। इसी कारण विदेशी संस्थागत निवेशक लगातार भारतीय शेयर बेच रहे हैं। मार्च के सिर्फ सात सत्रों में ही विदेशी निवेशकों ने लगभग 39,000 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए हैं।
#3
युद्ध और बढ़ते आर्थिक जोखिम
मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध भी बाजार की चिंता बढ़ा रहा है। दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह संघर्ष लंबा चला तो तेल महंगा होगा और महंगाई बढ़ सकती है। इससे भारत की आर्थिक वृद्धि पर असर पड़ सकता है। कुछ रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इससे GDP की रफ्तार धीमी हो सकती है।