Page Loader
चीनी सेना ने अरुणाचल प्रदेश में घुसकर किया भारतीय युवक का अपहरण- भाजपा सांसद
चीनी सेना ने किया मिराम तरोन का अपहरण (तस्वीर- तापिर गाओ ट्विटर हैंडल)

चीनी सेना ने अरुणाचल प्रदेश में घुसकर किया भारतीय युवक का अपहरण- भाजपा सांसद

Jan 20, 2022
10:11 am

क्या है खबर?

भाजपा के सांसद तापिर गाओ ने चीनी सेना पर अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सीमा के अंदर से एक भारतीय युवक का अपहरण करने का आरोप लगाया है। अपहृत शख्स की पहचान 17 वर्षीय मिराम तरोन के तौर पर हुई है। उसका दोस्त चीनी सेना से बचकर भागने में कामयाब रहा और उसी ने आकर प्रशासन को इसकी जानकारी दी है। भाजपा सांसद ने भारत सरकार से युवक की जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित कराने को कहा है।

मामला

चीनी सेना ने ऊपरी सियांग जिले से किया युवक का अपहरण

भाजपा सांसद गाओ ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि ये घटना मंगलवार को ऊपरी सियांग जिले में उस जगह पर हुई जहां सांग्पो नदी तिब्बत से अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करती है। इस नदी को अरुणाचल प्रदेश में सियांग नदी के नाम से जाना जाता है। समाचार एजेंसी से फोन पर बात करते हुए सासंद ने बताया कि चीनी सेना ने सियुंगला क्षेत्र के लुंगता जोर इलाके से मिराम तरोन का अपहरण किया।

जानकारी

तरोन के दोस्त ने दी अपहरण की सूचना

गाओ ने बताया कि तरोन के दोस्त जॉनी येयिंग ने प्रशासन को ये जानकारी दी। वह भी तरोन के साथ था, लेकिन चीनी सेना से बचकर भागने में कामयाब रहा। दोनों युवक जिडो गांव के स्थानीय शिकारी हैं।

अनुरोध

गाओ ने सरकार से की युवक की जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित करने की अपील

गाओ ने ट्वीट करते हुए भारत सरकार की सभी एजेंसियों से युवक की जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक को भी घटना की सूचना दे दी है और उनसे आवश्यक कदम उठाने को कहा है। अपने ट्वीट में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय सेना को भी टैग किया है। कांग्रेस विधायक निनोंग एरिंग ने भी घटना की पुष्टि की है।

तनाव

ढाई साल से भारत और चीन में बना हुआ है तनाव

गौरतलब है कि भारतीय सीमा में घुसकर भारतीय युवक के अपहरण की ये घटना ऐसे समय पर आई है जब पहले से ही वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर पिछले लगभग ढाई साल से भारत और चीन के बीच तनाव बना हुआ है। चीन कई जगह पर भारतीय सीमा के अंदर घुस आया है। लद्दाख स्थित पैंगोंग झील पर तो वह एक पुल भी बना रहा है जो उस क्षेत्र में आता है जिस पर भारत अपना दावा करता रहा है।

घुसपैठ

चीन ने अरुणाचल प्रदेश में बसाए दो अवैध गांव

चीन ने अरुणाचल प्रदेश में भी घुसपैठ की है और यहां भारतीय सीमा के अंदर घुसकर दो गांव बसा लिए हैं। चीन ने एक गांव अरुणाचल प्रदेश के शी-योमी जिले में बनाया है और इसमें लगभग 60 घर हैं। ये गांव भारतीय सीमा के छह-सात किलोमीटर अंदर है। चीन द्वारा बसाए गए दूसरे गांव में लगभग 100 घर हैं। इसके अलावा चीन ने अरुणाचल प्रदेश की 15 जगहों के नाम भी बदल दिए हैं।