टी-20 विश्व कप 2026 में कैसा रहा अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का सफर?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का सफर समाप्त हो गया है। यह टीम ग्रुप-D में थी। टूर्नामेंट में अफगान टीम ने 4 मुकाबले खेले, इसमें से 2 में उसे जीत मिली और 2 में हार का सामना करना पड़ा। टीम अपने ग्रुप में 4 अंकों (+0.889) के साथ तीसरे पायदान पर रही और सुपर-8 में जगह बनाने से चूक गई। ऐसे में आइए जान लेते हैं कि पूरे विश्व कप में इस टीम का सफर कैसा रहा?
सफर
ऐसा रहा अफगानिस्तान का सफर
अफगानिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में 5 विकेट से हार मिली। टीम ने पहले बल्लेबाजी कर 182/6 का स्कोर बनाया था, जवाब में न्यूजीलैंड ने 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। UAE के खिलाफ उसे 5 विकेट से जीत मिली। UAE से मिले 161 रन के लक्ष्य को उसने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कनाडा के खिलाफ उसने 200/4 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में कनाडा की टीम 118/8 का स्कोर ही बना पाई।
परेशानी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार से बिगड़ा अफगानिस्तान का गणित
अफगानिस्तान का 11 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दोहरे सुपर ओवर के बाद हार झेलनी पड़ी थी। प्रोटियाज टीम ने 187/6 का स्कोर बनाया। जवाब में अफगानिस्तान ने भी इतने ही रन बनाए। पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए। जवाब में प्रोटियाज टीम भी 17 ही रन बना पाई। दूसरे सुपर ओवर में प्रोटियाज टीम ने 23 रन बनाए, लेकिन अफगानिस्थन 19 रन ही बना पाई। यही हार उसके सुपर-8 से बाहर होने का कारण बनी।
बल्लेबाज
अफगानिस्तान के इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन
अफगानिस्तान के लिए इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन इब्राहिम जादरान ने बनाए। उनके बल्ले से 4 मैचों की 4 पारियों में 56.66 की औसत और 142.44 की स्ट्राइक रेट से 170 रन निकले। उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95* रन रहा। वहीं, रहमनुल्लाह गुरबाज ने 4 पारियों में 35.25 की औसत और 163.95 की स्ट्राइक रेट से 141 रन बनाए। उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन रहा।
गेंदबाजी
अफगानिस्तान के इन गेंदबाजों ने झटके सबसे ज्यादा विकेट
अजमतुल्लाह उमरजई ने अफगानिस्तान के लिए इस विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लिए। उन्होंने 4 मैचों की 4 पारियों में 12.66 की शानदार औसत के साथ 9 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 8.24 की रही। इस खिलाड़ी ने 1 बार 4 विकेट हॉल लिया और उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/15 का रहा। इसी तरह कप्तान राशिद खान 6 विकेट के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर रहे। टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/19 विकेट का रहा।
रिकॉर्ड
अफगानिस्तान के नाम आए ये रिकॉर्ड
अफगानिस्तान टी-20 विश्व कप में 2 सुपर ओवर खेलकर हारने वाली पहली टीम है। कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाया गया 200 रन का स्कोर उसका टी-20 विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर है। उसने पहली बार 200 रन का आंकड़ा छुआ है। राशिद टी-20 क्रिकेट में 700 विकेट चटकाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने UAE के खिलाफ यह कारनामा किया था। गुलबदीन नायब ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1,000 रन बनाने वाले 9वें अफगानी बल्लेबाज बने हैं।