एयर इंडिया फुकेट-दिल्ली मामला: विमान में आए थे 11 अलर्ट; सरकार ने अपनाया सख्त रुख
क्या है खबर?
थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया विमान में हुई गड़बड़ी को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सरकार ने एयरलाइन से कहा है कि वो अपनी परिचालन निगरानी मजबूत करे और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी ले। वहीं, विमान की आंतरिक जांच में ये भी सामने आया है कि विमान का ऑटोपायलट बंद होने से पहले कम से कम 11 बार अलर्ट जारी हुए थे।
सरकार
सरकार बोली- एयरलाइन को जिम्मेदारी लेनी होगी
टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए एक अधिकारी ने कहा, "अहमदाबाद हादसे की रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई और ये हादसा हो गया। सरकार ने एयर इंडिया 2379 की घटना को गंभीरता से लिया है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। विमानन सचिव समीर सिन्हा ने एयर इंडिया के उच्च अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा है कि एयरलाइन को जिम्मेदारी लेनी होगी और जांच में दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।"
अलर्ट
विमान में 3 मिनट के भीतर आए 11 अलर्ट
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, लैंड करने के बाद रखरखाव रिपोर्ट में पता चला है कि 2 से 3 मिनट के भीतर विमान में 11 सिस्टम अलर्ट दर्ज किए गए हैं। इनमें से 3 हाइड्रोलिक कम दबाव की चेतावनी और उसके बाद ऑटोपायलट बंद होने से जुड़े हैं।
3 हाइड्रोलिक अलर्ट के बाद विमान का ऑटोपायलट बंद हो गया था। इसके बाद आपातकालीन निकास द्वार और अन्य प्रणालियों से जुड़े कई और अलर्ट दर्ज किए गए।
उड़ान
अलर्ट के बाद भी 1 घंटे तक उड़ता रहा विमान
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि विमान के ऑटोपायलट को बंद होने के बाद दोबारा चालू किया गया था और लैंडिंग से पहले फिर बंद कर दिया गया।
कई बार चेतावनी मिलने के बावजूद विमान लगभग 1 घंटे और 20 मिनट तक हवा में रहा और आखिरकार दिल्ली में सुरक्षित रूप से उतर गया।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) भी रिपोर्ट का विश्लेषण कर रहे हैं।
पायलट
पायलट के दोनों डोप टेस्ट पॉजिटिव, ले रहे थे नींद की दवा
रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि विमान को उड़ा रहे पायलट के दोनों डोप टेस्ट पॉजिटिव आए हैं। शक है कि उन्होंने गांजे का सेवन किया था।
उड़ान के दौरान चालक दल के एक सदस्य ने भी पायलट के व्यव्हार को लेकर शिकायत की थी, जिसकी भी जांच की जा रही है।
एक रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि पायलट को नींद आने में समस्या थी और वो इसके लिए दवाई भी ले रहे थे।
मामला
हवा में अचानक 300 फीट नीचे आया था विमान
फुकेट से 4 अगस्त को रवाना हुई एयर इंडिया की उड़ान AI-2379 को मंगलवार सुबह 11:15 बजे दिल्ली पहुंचना था।
यात्रा शुरू होने के 90 मिनट बाद अचानक विमान 300 फीट नीचे गिर गया, जिससे यात्रियों को तगड़े झटके लगे। विमान करीब 2-3 मिनट तक भयानक टर्बुलेंस में फंसा रहा।
विमान में 137 यात्री और 8 चालक दल सदस्य सवार थे, जिनमें 20 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य विमान में इधर-उधर टकराने से घायल हो गए।