Loading...
फुकेट-दिल्ली विमान के पायलट सीधे खड़े नहीं हो पाए, नींद की दवा ले रहे थे- रिपोर्ट
अचानक 300 फीट नीचे आए एयर इंडिया विमान के पायलट को लेकर नई जानकारी सामने आई है

फुकेट-दिल्ली विमान के पायलट सीधे खड़े नहीं हो पाए, नींद की दवा ले रहे थे- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Aug 12, 2026
05:07 pm

क्या है खबर?

थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रहा एयर इंडिया का जो विमान टर्बुलेंस में फंसा था, उसके पायलट को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। NDTV ने एयरलाइन की आंतरिक सुरक्षा रिपोर्ट के हवाले से बताया कि पायलट को नींद आने में समस्या आ रही थी और इसके लिए वे दवा भी ले रहे थे। विमान के लैंड करने के बाद जब पायलट को जांच के लिए ले जाया गया तो भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।

नींद

पायलट ने स्वीकारी नींद नहीं आने की बात

पायलट ने अपने बयान में कहा, "मैं यह खुलासा करता हूं कि मुझे कुछ समय से व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण नींद की समस्या हो रही थी, जिसके लिए मेरे पारिवारिक डॉक्टर ने मुझे दवा दी थी। लेओवर के दौरान, मैंने व्यक्तिगत रूप से आराम करने की कोशिश की लेकिन नींद आसानी से नहीं आई और मैंने महसूस किया कि चलने जैसी हल्की गतिविधि नींद की गुणवत्ता के लिए फायदेमंद होगी।"

पायलट

पायलट ने पर्याप्त आराम न मिलने की भी बात कही

पायलट ने यह भी कहा कि ड्यूटी का टाइमटेबल इस तरह बनाया गया था कि पर्याप्त आराम नहीं मिलता था।

उन्होंने कहा, "पहली उड़ान के लिए रात 12:10 बजे पहुंचना था। यानी 10 बजे तक तैयारी शुरू करनी होती। इससे पहले अच्छी नींद लेना मुश्किल था। लैंडिंग के बाद होटल तक पहुंचने में आमतौर पर 2 घंटे लगते थे। इससे आराम का समय और कम हो जाता था। दूसरी उड़ान के लिए मुझे सुबह 3 बजे उठना पड़ा।"

ADVERTISEMENT

रिपोर्ट

जांच के लिए खड़ा भी नहीं हो पा रहा था पायलट- रिपोर्ट

सूत्रों के अनुसार, जब विमान अचानक ऊंचाई से गिरने लगा, तब पायलट को कॉकपिट के फर्श पर बैठा हुआ पाया गया।

सूत्रों से यह भी बताया कि लैंडिंग के बाद पायलट सीधा खड़ा नहीं हो पा रहा था। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के एक जांचकर्ता ने बताया कि जांच के लिए ले जाते वक्त पायलट की बैठने में भी मदद करनी पड़ी।

जब वो यूरीन सैंपल दे रहा था, तब भी एक अधिकारी ने शारीरिक सहायता प्रदान की।

ADVERTISEMENT

शिकायत

चालक दल ने पायलट के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

पायलट का 2 बार डोप टेस्ट किया गया और दोनों में वो फेल हो गया। उसके शरीर में गांजे की मौजूदगी पाई गई है। हालांकि, पायलट ने किसी भी प्रकार के पदार्थ के सेवन से इनकार किया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चालक दल के कम से कम एक सदस्य ने पायलट के खिलाफ कथित तौर पर गांजा पीने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई है।

पायलट ने फुकेट में अपने साथियों को पार्टी भी दी थी।

मामला

क्या है मामला?

फुकेत से 4 अगस्त को रवाना हुई एयर इंडिया की उड़ान AI-2379 को मंगलवार सुबह 11:15 बजे दिल्ली पहुंचना था। यात्रा शुरू होने के 90 मिनट बाद अचानक विमान 300 फीट नीचे गिर गया, जिससे यात्रियों को तगड़े झटके लगे।

विमान करीब 2-3 मिनट तक भयानक टर्बुलेंस में फंसा रहा। विमान में 137 यात्री और 8 चालक दल सदस्य सवार थे, जिनमें 13 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य विमान में इधर-उधर टकराने से घायल हो गए।

ADVERTISEMENT