'धुरंधर' विवाद में कोर्ट सख्त, आदित्य धर को बदनाम न करने का आदेश
क्या है खबर?
कर्नाटक हाई कोर्ट ने फिल्म 'धुरंधर' के सेंसर सर्टिफिकेट को रद्द करने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। फिल्म पर लगे साहित्यिक चोरी के आरोपों के बीच कोर्ट ने सेंसर बोर्ड के फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया। हालांकि, अदालत ने लेखक संतोष कुमार को सख्त हिदायत दी है कि वे निर्देशक आदित्य धर की छवि को धूमिल करने या उन्हें बदनाम करने वाली किसी भी गतिविधि से दूर रहें।
राहत
'धुरंधर' को हाई कोर्ट से हरी झंडी
साहित्यिक चोरी के विवाद में फंसे फिल्म निर्माता आदित्य धर को 2 अलग-अलग मामलों में बड़ी राहत मिली। सबसे पहले कर्नाटक हाई कोर्ट ने संतोष कुमार द्वारा दायर उस रिट याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें 'धुरंधर' के सेंसर बोर्ड (CBFC) सर्टिफिकेट को रद्द करने की मांग की गई थी। इसके बाद बॉम्बे हाई कोर्ट में संतोष (जिन्होंने आदित्य पर स्क्रिप्ट चोरी का आरोप लगाया है) ने आश्वासन दिया कि वो निर्देशक के खिलाफ कोई भी 'अपमानजनक बयान' नहीं देंगे।
साक्ष्य
स्क्रिप्ट चोरी के दावों में नहीं मिला दम
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, संतोष कुमार (बेंगलुरु स्थित पटकथा लेखक) ने आरोप लगाया था कि ये फिल्म उनकी मूल स्क्रिप्ट 'डी-साहब' का साहित्यिक चोरी किया हुआ संस्करण है। हालांकि, अदालत को इस शिकायत में कोई दम नहीं मिला। संतोष ने आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' पर अपनी मूल स्क्रिप्ट से काफी कुछ उधार लेने का आरोप लगाते हुए हर्जाने की मांग के साथ केस दर्ज किया है, जो मामला फिलहाल अब भी विचाराधीन है।
रोके
आदित्य के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी पर लगी रोक
आदित्य द्वारा संतोष के खिलाफ दायर मानहानि के मामले में, संतोष ने बॉम्बे हाई कोर्ट को आश्वासन दिया कि जब तक मामला विचाराधीन है, वो निर्देशक के खिलाफ कोई अपमानजनक बयान नहीं देंगे। संतोष के वकील ने दलील दी कि उनके मुवक्किल आदित्य के खिलाफ केवल उचित कानूनी उपचार का रास्ता अपनाएंगे और सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उनके मुवक्किल केवल उचित कानूनी उपचार का रास्ता अपनाएंगे और सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
माफी
माफी के मुद्दे पर अड़े संतोष कुमार
जब आदित्य के वकीलों ने उन्हें 'चोर' कहे जाने पर सार्वजनिक माफी की मांग की तो संतोष की कानूनी टीम ने इससे साफ इनकार कर दिया। टीम ने दलील दी कि संतोष का मानना है कि वो अपनी जगह बिल्कुल सही हैं और उनके दावे सच हैं, इसलिए माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता। भले ही संतोष भविष्य में अपमानजनक बयान न देने पर सहमत हुए हों, लेकिन वो अपने आरोपों पर अब भी पूरी तरह कायम हैं।
जानकारी
'धुरंधर' और इसके सीक्वल ने मचाया धमाल
दिसंबर 2025 में रिलीज हुई रणवीर सिंह अभिनीत स्पाई थ्रिलर 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए दुनियाभर में 1,300 करोड़ रुपये की कमाई की। इसका रिकॉर्ड इसकी अगली कड़ी 'धुरंधर: द रिवेंज' ने तोड़ दिया, जो इस साल मार्च में रिलीज हुई थी।