'धुरंधर: द रिवेंज' के अवैध प्रसारण पर रोक, पायरेसी पर मद्रास हाई कोर्ट का सख्त आदेश
क्या है खबर?
मद्रास हाई कोर्ट ने फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के निर्माताओं को राहत देते हुए इसके अवैध प्रसारण और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग पर अंतरिम रोक लगा दी है। पायरेसी के खतरे को देखते हुए अदालत ने ISPs और हजारों वेबसाइटों को आदेश दिया है कि वे फिल्म के अनधिकृत कंटेंट को होस्ट या प्रसारित न करें। कोर्ट का ये फैसला फिल्म उद्योग में कॉपीराइट की सुरक्षा और पायरेसी माफिया पर लगाम कसने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
राहत
मद्रास हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, 'धुरंधर 2' को राहत
मद्रास हाई कोर्ट ने फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' (धुरंधर 2) की रिलीज से पहले पायरेसी माफिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड बनाम BSNL मामले की सुनवाई में अदालत ने 18 मार्च को अंतरिम आदेश जारी किया। कोर्ट ने ISPs, केबल टीवी ऑपरेटरों और वेबसाइटों को फिल्म के अनधिकृत प्रसारण, स्ट्रीमिंग या डाउनलोडिंग से रोक दिया है। ये आदेश रिलीज से पहले आया, ताकि पायरेसी से बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को नुकसान न पहुंचे।
दलील और आदेश
कोर्ट ने माना रिलायंस का दावा, तुरंत आदेश जारी
कोर्ट ने फिल्म के कॉपीराइट की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण आदेश दिया। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और जियो स्टूडियोज की याचिकाओं पर सुनवाई में कोर्ट ने पायरेसी माफिया के खिलाफ सख्त निर्देश दिए। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने याचिका में फिल्म की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। कंपनी ने कोर्ट में CBFC सर्टिफिकेट पेश कर खुद को फिल्म का निर्माता और कॉपीराइट मालिक साबित किया। सबूतों के आधार पर कोर्ट ने पायरेसी वेबसाइटों और केबल ऑपरेटरों के खिलाफ तत्काल आदेश जारी किया।
गुजारिश
आदित्य धर ने भी की थी अपने फैंस से अपील
अदालत ने माना कि अगर फिल्म की रिलीज से ठीक पहले सुरक्षा नहीं दी गई तो पायरेसी के कारण निर्माताओं को अपूरणीय क्षति हो सकती है। बता दें कि फिल्म की रिलीज (19 मार्च) से पहले ही सोशल मीडिया पर इसके कुछ क्लिप्स वायरल होने लगे थे, जिससे आदित्य धर काफी परेशान हैं। उन्होंने फैंस से गुजारिश की थी कि वे फिल्म के वीडियो वायरल न करें और स्पॉइलर शेयर न करें, ताकि दूसरों का रोमांच खराब न हो।
सीक्वल
'धुरंधर: द रिवेंज' में देशभक्ति और एक्शन का तड़का
साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिलायंस और जियो स्टूडियोज ने प्रोड्यूस किया है। 'धुरंधर' की विरासत को आगे बढ़ाते हुए यह फिल्म आधुनिक युद्ध और देशभक्ति के नए स्तर को छूती है। दूसरे भाग में एक बार फिर रणवीर सिंह के साथ-साथ आर माधवन और संजय दत्त जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं।